Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुलिस पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि से थूककर चाटने को कहने का आरोप, जांच के आदेश

November 3, 2024

पुलिस पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि से थूककर चाटने को कहने का आरोप, जांच के आदेश

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस के एक ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि पर थूककर चाटने का दबाव बनाने का कथित मामला सामने आया है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से रविवार को जारी बयान के मुताबिक, 30 अक्टूबर को नसीराबाद थाना क्षेत्र स्थित कपूरपुर गांव के प्रधान के प्रतिनिधि सुशील शर्मा ने बिना अनुमति के नौटंकी समारोह का आयोजन किया था। बयान के अनुसार, कार्यक्रम में शर्मा और उसके अन्य साथियों के शराब के नशे में आम जनता के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की सूचना मिली थी।

बयान के मुताबिक, जांच के लिए गई पुलिस टीम के समझाने पर भी शर्मा और उसके साथी नहीं माने और अभद्रता करने लगे। इसमें कहा गया है कि शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के चलते शर्मा समेत पांच लोगों को हिरासत में ले लिया गया। वहीं, ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि सुनील शर्मा का आरोप है कि पुलिस देर रात गांव पहुंची और नौटंकी कार्यक्रम बंद कराने को कहा, जिसके बाद वह उसे और चार अन्य लोगों को थाने ले गई, उनके साथ मारपीट की तथा थूककर चाटने का दबाव बनाया।

शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि नसीराबाद के थानाध्यक्ष शिवाकांत पांडेय ने उनसे दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी। इस मामले में राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। बयान के अनुसार, आरोपी के सभी आरोपों की जांच अपर पुलिस अधीक्षक से कराई जा रही है और उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें