Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND vs SA 1st T20: साल 2024 में भारत की शानदार टी20 फॉर्म जारी, दर्ज की अपनी 22वीं जीत

November 9, 2024

IND vs SA 1st T20: साल 2024 में भारत की शानदार टी20 फॉर्म जारी, दर्ज की अपनी 22वीं जीत

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच जीत लिया है। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 61 रनों से जीत दर्ज की। यह भारत की साल 2024 में 22वीं टी20 अंतर्राष्ट्रीय जीत थी।

भारतीय टीम ने टी20 में इस साल लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। ताजा जीत भी इसकी एक बानगी है। भारत ने साल 2024 में अपनी 22वीं टी20 अंतर्राष्ट्रीय जीत दर्ज करते हुए 95.6 का शानदार जीत औसत निकाला है।

एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक टी20 जीत के मामले में नंबर एक टीम युगांडा है। युगांडा 2023 में सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने वाली टीम थी। जिसने 29 मैच जीते थे और 87.9% जीत का प्रतिशत निकाला था।

2022 में सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने वाली टीम भारत थी जिसने 28 मैच, 70% जीत के प्रतिशत के साथ जीते थे। इस तरह से देखा जाए तो भारत का साल 2024 का जीत प्रतिशत बेस्ट है और यह टीम की इस फॉर्मेट में फॉर्म को दर्शाता है।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चार मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच डरबन में हुआ जहां विकेटकीपर संजू सैमसन ने ओपनिंग में आकर 50 गेंदों पर 107 रनों की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 17 गेंदों पर 21 और तिलक वर्मा ने 18 गेंदों पर 33 रनों की पारी खेलेी। भारत ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए।

इसके बाद वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई ने 3-3 विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका को 141 रनों पर ढेर करने में अहम भूमिका अदा की। पेसर आवेश खान को भी 2 विकेट मिले। सीरीज के बाकी तीन मैच बचे हैं। दूसरा मैच 10 नवंबर को खेला जाएगा। इसके बाद 13 और 15 नवंबर को क्रमश: तीसरा और चौथा टी20 मैच होगा।

उल्लेखनीय है कि भारतीय क्रिकेट टीम हाल में ही अपनी घरेलू जमीन पर न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में मिली 0-3 की हार से उभरने की कोशिश कर रही है। भारत के सामने अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी की धरती पर पांच मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी को रिटेन करने की सबसे बड़ी चुनौती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें