Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

मंत्री की कंपनी के एकाउंटेंट से दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी

November 16, 2024

मंत्री की कंपनी के एकाउंटेंट से दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता की कंपनी के एकाउंटेंट रितेश श्रीवास्तव से साइबर अपराधियों ने दो करोड़ आठ लाख रुपये ठग लिए। श्रीवास्तव की तहरीर पर साइबर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 319 (2), 318 (4) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी तथा 66 डी के तहत बृहस्पतिवार को मामला दर्ज किया गया। इकावो एग्रो डेली प्राइवेट लिमिटेड में बतौर एकाउंटेंट कार्यरत श्रीवास्तव ने बताया कि यह मंत्री नंद गोपाल गुप्ता की कंपनी है जिसका कार्यभार उनके बेटे अभिषेक गुप्ता देखते हैं।

श्रीवास्तव की तहरीर के मुताबिक, 13 नवंबर को उनके व्हाट्सऐप पर एक नंबर से संदेश आया। उस नंबर पर अभिषेक गुप्ता की प्रोफाइल फोटो लगी थी। संदेश में लिखा था कि यह नया नंबर है और प्रस्तावित आवशय़क बैठक के लिए आवशय़क जानकारी मांगी गई। उन्होंने अपनी तहरीर में कहा कि उन्होंने कंपनी के निदेशक अभिषेक गुप्ता का निर्देश मानकर कंपनी के एकाउंट से संबंधित जानकारी उस नंबर पर साझा की, जिसके बाद बैठक में ‘बिजनेस डील’ तय होने की बात कहते हुए तत्काल 68 लाख रुपये एक व्यक्ति को भेजने को कहा गया जिसके लिए खाते का विवरण भी भेजा गया।

तहरीर के मुताबिक, इसके बाद सौदे का उल्लेख करते हुए दो अलग-अलग खातों में क्रमश? 65 लाख रुपये और 75 लाख रुपये भेजने को कहा गया। निदेशक का निर्देश मानकर यह धनराशि भेज दी गई। लेकिन जब शाम को निदेशक से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई संदेश नहीं भेजा। इसके बाद साइबर ठगी होने का पता चला। साइबर थाना प्रभारी राजीव तिवारी ने बताया कि तीनों बैंक खातों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगवा दी गई है जिनमें पैसे भेजे गए थे। उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें