Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजस्थान में बड़ा सड़क हादसा : खंभे से टकराकर पलटी बस, 43 यात्री थे सवार, तीन लोगों की मौत, 13 घायल

November 17, 2024

राजस्थान में बड़ा सड़क हादसा : खंभे से टकराकर पलटी बस, 43 यात्री थे सवार, तीन लोगों की मौत, 13 घायल

Rajasthan Bus Accident : राजस्थान के बूंदी जिले में लालसोट-कोटा मेगा राजमार्ग पर तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक निजी बस खंभे से टकराकर पलट गई, जिससे इसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात करीब दो बजे तेज रफ्तार बस 43 यात्रियों को लेकर सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा स्थित माताजी मंदिर से लौट रही थी, उस दौरान ही यह हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अरंविद सिंह (62), अंतिम कुमार वैष्णव (28) और बस के कंडक्टर मांगीलाल राठौर (60) की मौत हो गई। एक तीर्थयात्री ने संवाददाताओं को बताया कि बस बहुत तेज गति से चल रही थी, तभी चालक ने सड़क पर एक गड्ढे से बस को बचाने का प्रयास किया, जिससे बस उसके नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) आशीष भार्गव ने बताया कि अरंविद सिंह और अंतिम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर ने कोटा के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। डीएसपी ने बताया कि घायलों को कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो महिलाओं समेत तीन घायलों की हालत गंभीर है। भार्गव ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें