Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

पूर्व मंत्री अनिल देशमुख की गाड़ी पर पथराव, गंभीर रूप से हुए घायल 

November 19, 2024

पूर्व मंत्री अनिल देशमुख की गाड़ी पर पथराव, गंभीर रूप से हुए घायल 
Anil Deshmukh : महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के नेता अनिल देशमुख सोमवार रात नागपुर में उस वक्त गंभीर रूप से घायल हो गये, जब उनकी गाड़ी पर पथराव किया गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नारखेड गांव में अनिल देशमुख जब एक जनसभा में भाग लेने के बाद रात करीब आठ बजे कटोल लौट रहे थे, तब यह घटना घटी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कटोल के समीप जलालखेडा रोड पर बेलफाटा के पास अनिल देशमुख की गाड़ी पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने पथराव किया जिसमें वह घायल हो गये और उन्हें तत्काल कटोल सिविल अस्पताल ले जाया गया।
नागपुर के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हर्ष पोद्दार ने इस घटना की पुष्टि की और कहा कि अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा गया है। उन्होंने कहा, ‘‘जांच शुरू हो गयी है। पुलिस हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की कोशिश में जुटी है।’’ यह घटना महाराष्ट्र में 20 नवंबर को हो रहे विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के आखिरी दिन हुई है।
घटना की निंदा करते हुए राकांपा (एसपी) के प्रवक्ता वेदप्रकाश आर्य ने उच्च-स्तरीय जांच और पूर्व मंत्री के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की। आर्य ने एक बयान में कहा, ‘‘कुछ लोगों ने कटोल के बेलफाटा बिष्णुर में अनिल देशमुख की कार पर हमला किया, जिसमें देशमुख के सिर में गंभीर चोट आई है। उनका इलाज कटोल में शुरू हुआ लेकिन गंभीर चोट के कारण उन्हें इलाज के लिए नागपुर स्थानांतरित कर दिया गया है।’’
अनिल देशमुख के बेटे सलिल देशमुख राकांपा (एसपी) के टिकट पर कटोल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा के चरण सिंह ठाकुर से है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें