
Jharkhand Election Result : झारखंड में किसकी सरकार बनेगी, यह शनिवार शाम पांच बजे तक तय हो जाएगा। सभी 81 विधानसभा सीटों के लिए सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है।
सुबह 9.30 बजे से रुझान आने शुरू हो जाएंगे। राज्य के 24 जिलों में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर सुबह सात बजे के बाद स्ट्रांग रूम के ताले निर्वाचन रिटर्निंग अफसरों, चुनाव आयोग के विशेष पर्यवेक्षकों और प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खोले गए।
स्ट्रांग रूम में रखी गई ईवीएम और पोस्टल बैलेट्स के बॉक्स 7.30 बजे से काउंटिंग टेबलों पर लाकर रखे गए। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। मतगणना केंद्रों पर क्लोज सर्किट सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। राज्य में सरकार बनाने के लिए बहुमत का न्यूनतम आंकड़ा 41 है। जिस गठबंधन या पार्टी के पास यह संख्या होगी, उसे सरकार बनाने का मौका मिलेगा।
वर्ष 2019 में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले झामुमो-कांग्रेस-राजद के गठबंधन ने 47 सीटें हासिल कर सरकार बनाई थी। इस बार चुनाव में एनडीए और इंडिया गठबंधनों के बीच मुकाबला है। एनडीए की ओर से भाजपा 68, आजसू पार्टी 10, जदयू 2 और लोजपा (आर) एक सीट पर चुनाव लड़ी है। दूसरी तरफ इंडिया ब्लॉक की ओर से झामुमो ने 43, कांग्रेस ने 30, राजद ने 6 और सीपीआई एमएल ने 4 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। इन सीटों विश्रमपुर, छतरपुर और धनवार में इस गठबंधन की पार्टियों के बीच दोस्ताना मुकाबला है।
मतों की गिनती पूरी होने के साथ राज्य की विभिन्न सीटों पर उतरे 1211 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। इनमें बरहेट सीट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सरायकेला से पूर्व सीएम चंपई सोरेन, राजधनवार सीट से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य के पहले सीएम बाबूलाल मरांडी, चंदनकियारी से झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, नाला सीट से विधान सभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, गांडेय सीट से झामुमो की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन, सिल्ली सीट से आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो जैसे दिग्गजों के रिजल्ट पर सबकी निगाहें हैं।
हेवीवेट प्रत्याशियों में हेमंत सोरेन सरकार के 11 में से दस मंत्री, पूर्व सीएम अजरुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा, पूर्व सीएम मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा, हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन, भाभी सीता सोरेन भी हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि सबसे कम 13 राउंड की मतगणना तोरपा विधानसभा क्षेत्र की होगी।
लिट्टीपाड़ा में भी सिर्फ 14 राउंड की मतगणना होगी। सर्वाधिक 27 राउंड की मतगणना चतरा विधानसभा क्षेत्र की होगी। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर तक चुनावी प्रक्रिया पूरी की जानी है, लेकिन हमारा प्रयास है कि सभी औपचारिकताएं 24 नवंबर तक ही पूरी कर ली जाएं। राज्य में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान संपन्न हुआ था। कुल 67.74 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया है।
इस आंकड़े में पोस्टल बैलेट शामिल नहीं हैं। कुल मिलाकर 1 करोड़ 76 लाख 81 हजार सात (1,76,81007) लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में 5 लाख 51 हजार 797 (5,51,797) ज्यादा रही।
Jharkhand Election Result 2024: BJP की मुनिया देवी 3 हजार से अधिक वोटों से आगे-
झारखंड विधानसभा चुनाव के परिणामों के बीच गांडेय सीट पर मतगणना जारी है और अब तक के रुझान में भाजपा प्रत्याशी मुनिया देवी ने बड़ी बढ़त बना ली है। मुनिया देवी 3 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रही हैं, जबकि महागठबंधन की उम्मीदवार और प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन पीछे हैं।
कल्पना सोरेन को अब तक करीब 4 हजार वोट प्राप्त हुए हैं। हालांकि, भाजपा की मुनिया देवी से उनकी दूरी बहुत ज्यादा है, वह बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, इस सीट से निर्दलीय उम्मीदवार रामेश्वर दुसाध को बहुत ही कम वोट मिले हैं, उन्हें अब तक केवल 132 वोट मिले हैं।
रुझानों को देखकर यह कहा जा सकता है कि भाजपा की मुनिया देवी गांडेय सीट पर अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए हैं और हेमंत सोरेन की पत्नी की स्थिति कमजोर नजर आ रही है। 3 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर के बीच अगर यही स्थिति बनी रहती है तो कल्पना सोरेन के लिए जीत की राह मुश्किल हो जाएगी।
जानिए झारखंड विधानसभा चुनाव के आंकड़े
झारखंड विधानसभा चुनाव में दिग्गजों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। कुछ सीटों पर बड़ा उलटफेर तो वहीं, कुछ सीटों पर वर्तमान दलों का कब्जा बरकरार दिख रहा है। आइए जानते हैं प्रदेश के कुछ प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव परिणामों के रुझान। हर पल आंकड़े बदल रहे हैं। एक बात स्पष्ट है कि मुकाबला जबरदस्त है।
बरहेट: इस सीट पर हेमंत सोरेन (जेएमएम) ने 20,133 वोट प्राप्त किए हैं और वह 11,482 वोटों से आगे चल रहे हैं।
धनवार: बाबूलाल मरांडी (भाजपा) को 18,267 वोट मिले हैं। वह 10,298 वोटों से आगे चल रहे हैं।
नाला: रवींद्रनाथ महतो (जेएमएम) को 16,996 वोट मिले हैं, वह 4,176 वोटों से आगे चल रहे हैं।
दुमका: बसंत सोरेन (जेएमएम) को 21,465 वोट मिले हैं, वह करीब 5 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। भाजपा इस सीट पर अभी आगे चल रही है।
टुंडी: मथुरा महतो (जेएमएम) को 35,791 वोट मिले हैं और वह करीब 20 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। जेएमएम यहां बढ़त बनाए हुए है।
चंदनकियारी: अमर बाउरी (भाजपा) को 22,602 वोट मिले हैं और वह 16,000 वोटों से पीछे चल रहे हैं। इस सीट पर जेएमएम ने 39,000 वोटों से बढ़त बनाई हुई है।
गांडेय: कल्पना सोरेन (जेएमएम) को 18,940 वोट मिले हैं, वह 3 हजार वोटों से पीछे चल रही हैं। भाजपा इस सीट पर आगे चल रही है।
सिल्ली: सुदेश महतो (आजसू) को 7,814 वोट मिले हैं, वह करीब 7 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। जेएमएम यहां बढ़त बनाए हुए है।
जामताड़ा: सीता सोरेन (जेएमएम) को 17,241 वोट मिले हैं, वह 15,000 वोटों से पीछे चल रही हैं। कांग्रेस इस सीट पर फिलहाल आगे चल रही है।
बोरियो: लोबिन हेम्ब्रोम (भाजपा) को 11,721 वोट मिले हैं, वह 4 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। जेएमएम इस सीट पर आगे चल रहा है।
घाटशिला: चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन (भाजपा) इस सीट पर आगे चल रहे हैं। उन्हें 21,560 वोट मिले हैं।
जगन्नाथपुर: गीता कोड़ा (भाजपा) को 14,333 वोट मिले हैं और वह 1 हजार वोटों से पीछे चल रही हैं। कांग्रेस इस सीट पर फिलहाल आगे बढ़त बनाए हुए है।
पोटका: मीरा मुंडा (भाजपा) को 35,073 वोट मिले हैं और वह 20 हजार वोटों से आगे चल रही हैं।
जमशेदपुर पूर्व: पूर्णमिा साहू (भाजपा) को 30,086 वोट मिले हैं, वह 15,682 वोटों से आगे चल रही हैं।
जमशेदपुर पश्चिम: बन्ना गुप्ता (कांग्रेस) को 11,371 वोट मिले हैं, वह 16,296 वोटों से पीछे चल रहे हैं। जदयू इस सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
रांची: महुआ माजी (जेएमएम) को 6,434 वोट मिले हैं, वह 21,523 वोटों से पीछे चल रही हैं। भाजपा इस सीट पर सबसे आगे चल रही है।
लोहरदगा: रामेश्वर उरांव (कांग्रेस) को 30,915 वोट मिले हैं, वह 8,584 वोटों से आगे चल रहे हैं।
राज्य में सरकार बनाने के लिए बहुमत का न्यूनतम आंकड़ा 41 है। जिस गठबंधन या पार्टी के पास यह संख्या होगी, उसे सरकार बनाने का मौका मिलेगा। वर्ष 2019 में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले झामुमो-कांग्रेस-राजद के गठबंधन ने 47 सीटें हासिल कर सरकार बनाई थी। इस बार चुनाव में एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच मुकाबला है। एनडीए की ओर से भाजपा 68, आजसू पार्टी 10, जदयू 2 और लोजपा (आर) एक सीट पर चुनाव लड़ी है।
दूसरी तरफ इंडिया ब्लॉक की ओर से झामुमो ने 43, कांग्रेस ने 30, राजद ने 6 और सीपीआई एमएल ने 4 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। इन सीटों विश्रमपुर, छतरपुर और धनवार में इस गठबंधन की पार्टयिों के बीच दोस्ताना मुकाबला है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...