Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली के प्रशांत विहार में पीवीआर के पास विस्फोट, एक व्यक्ति घायल

November 29, 2024

दिल्ली के प्रशांत विहार में पीवीआर के पास विस्फोट, एक व्यक्ति घायल

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी में पीवीआर प्रशांत विहार के पास वीरवार को कम तीव्रता का विस्फोट हुआ जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। यह विस्फोट उसी इलाके में एक पार्क के पास एक मिठाई की दुकान के सामने हुआ जहां 20 अक्तूबर को सीआरपीएफ स्कूल की एक दीवार भीषण विस्फोट से क्षतिग्रस्त हो गई थी। दिल्ली पुलिस ने कहा कि सुबह 11.47 बजे प्रशांत विहार में बंसी वाला मिठाई की दुकान के सामने विस्फोट होने की सूचना मिली। बम का पता लगाने वाली टीम, खोजी कुत्ते, पुलिस और दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने के तुरंत बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। मौके से सफेद पाऊडर बरामद हुआ। अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए जांच जारी है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विस्फोट के समय मल्टीप्लेक्स के अंदर फिल्म का शो चल रहा था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में धुआं फैल जाने से आगंतुकों और निवासियों में दहशत फैल गई। पीवीआर और विस्फोट स्थल के बीच की दूरी कुछ ही मीटर की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वीरवार सुबह हुआ विस्फोट पिछले महीने प्रशांत विहार में सीआरपीएफ स्कूल की चाहरदीवारी के बाहर हुए विस्फोट जैसा ही था। पुलिस के मुताबिक विस्फोट में ऑटो रिक्शा चालक चेतन कुशवाहा (28) मामूली रूप से घायल हो गया जिसका तिपहिया वाहन विस्फोट स्थल के पास खड़ा था। घायल व्यक्ति को तुरंत बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें