रेलवे स्टेशन के पास लगी भीषण आग, तमाम चुनौतियों के बावजूद 9 प्रवासी श्रमिकों को बचाया
December 1, 2024
Fire Near Railway Station : केरल में
कोच्चि के एर्नाकुलम जंक्शन रेलवे स्टेशन के पास एक निजी गोदाम में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई जिससे लोगों में
अफरा-तफरी मच गई। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्राधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अग्निशमन एवं बचाव सेवाओं ने बताया कि एर्नाकुलम दक्षिण रेलवे ओवरब्रिज के पास कबाड़ के एक गोदाम में रात करीब एक बजे आग लग गई और इस पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को करीब पांच घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
प्राधिकारियों ने बताया कि गोदाम के अंदर रखे एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट होने से आग और भीषण हो गई। अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन और बचावकर्मी गोदाम के अंदर फंसे नौ प्रवासी श्रमिकों को तमाम चुनौतियों के बावजूद बचाने में सफल रहे।
उन्होंने बताया कि आस-पास के मकानों में रह रहे लोगों को एहतियातन बाहर निकाला गया। अग्निशमन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘रात की गश्त पर निकले शहर के पुलिस दल ने हमें घटना की जानकारी दी जिसके बाद तुरंत कई इकाइयों को घटनास्थल पर भेजा गया। स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है।’’
घटना के कारण एर्नाकुलम दक्षिण रेलवे स्टेशन और अलप्पुझा के बीच ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई थीं और इन्हें दो घंटे के व्यवधान के बाद बहाल कर दिया गया।
कोच्चि शहर पुलिस ने बताया कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। उसने बताया कि कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक अपार्टमेंट के पार्किंग क्षेत्र में लगी एक अन्य आग में एक कार और चार मोटरसाइकिल जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।