Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

बांग्लादेश के मुद्दे पर चुप्पी लेकिन मुस्लिम वोट के लिए संभल-संभल चिल्ला रही कांग्रेस : मायावती

December 7, 2024

बांग्लादेश के मुद्दे पर चुप्पी लेकिन मुस्लिम वोट के लिए संभल-संभल चिल्ला रही कांग्रेस : मायावती

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि उसने बांग्लादेश के मुद्दे पर चुप्पी साध ली है लेकिन मुस्लिम वोट के लिए ‘संभल संभल’ चिल्ला रही है। मायावती ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस संभल में हुई हिंसा की आड़ में मुस्लिम मतदाताओं को रिझाने की कोशिश में लगी हुई हैं।

बसपा प्रमुख मायावती ने लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बांग्लादेश में हिन्दू बड़ी संख्या में हमलों का शिकार हो रहे हैं, जिनमें ज्यादातर दलित और कमजोर तबके के लोग हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इस समय संसद सत्र जारी है और विपक्ष, विशेष रूप से सपा और कांग्रेस देश तथा जनहित के मुद्दे न उठाकर अपने राजनीतिक स्वार्थ में संभल हिंसा की आड़ में मुस्लिम वोट को रिझाने में लगा है।’’

मायावती ने कहा, ‘‘दुख की बात यह है कि जिनकी बदौलत संसद में दलित वर्ग के सांसद पहुंचे हैं वे भी अपने-अपने दलों के आकाओं को खुश करने के लिए दलित उत्पीड़न के मुद्दों पर चुप बैठे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बांग्लादेश में जो हिन्दू जुल्म-ज्यादती के शिकार हो रहे हैं, उसमें अधिकांश रूप से दलित और कमजोर तबके के लोग हैं।

मुख्य विपक्षी पार्टी होने के बावजूद कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप है और केवल मुस्लिम वोट के लिए ‘संभल-संभल’ चिल्ला रही है। इस मामले में कांग्रेस, सपा और इनके समर्थक दल एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं।’’ मायावती ने कहा कि ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार आगे बढक़र अपनी जिम्मेदारी निभाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें