Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

ताजपुर रोड 66 केवी ग्रिड को लगी आग, 2 दिन के लिए इंडस्ट्री की सप्लाई रहेगी बंद

December 12, 2024

ताजपुर रोड 66 केवी ग्रिड को लगी आग, 2 दिन के लिए इंडस्ट्री की सप्लाई रहेगी बंद

लुधियाना : ताजपुर 66 केवी ग्रिड में बुधवार देर शाम आग लग गई। आग लगने से ग्रिड के दोनों ट्रांसफार्मर जल गए जिसकी वजह से एक दर्जन के करीब इंडस्ट्री 11 केवी फीडर और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के साथ डाइंग इंडस्ट्री के दोनों सीईटीपी की बिजली सप्लाई बंद हो गई। पंजाब स्टेट पावर कारपारेशन लिमिटेड के अफसरों ने इंडस्ट्रियल एसोसिएशन को सूचित कर दिया कि अगले दो दिन बिजली की सप्लाई बंद रहेगी। जानकारी के अनुसार शाम पांच बजे के करीब 66 केवी सब स्टेशन में अचानक चिंगारियां निकलने लगी। वहां मौजूद कर्मचारी ग्रिड बंद करता तब तक पूरा ग्रिड आग की चपेट में आ गया। वहां मौजूद कर्मचारी ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक ग्रिड से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगी। ट्रांसफार्मरों में आग लगने से ब्लास्ट हुए जिससे ट्रांसफार्मर के तेल ने आग पकड़ ली। फायर ब्रिगेड भी देर रात तक आग बुझाने का प्रयास करते रहे। आग की सूचना पर पीएसपीसीएल के चीफ इंजीनियर समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंचे। ग्रिड को आग लगने से कक्का रोड व आसपास की फैक्ट्रियां, ताजपुर डाइंग कलस्टर, सैक्टर 32, सैक्टर 39, चंडीगढ़ रोड, ताजपुर रोड के आसपास के इलाकों में बिजली सप्लाई बंद हो गई। इसके अलावा ताजपुर डाइंग कलस्टर और फोकल प्वाइंट डाइंग कलस्टर के सीईटीपी के अलावा नगर निगम के 225 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को भी इसी ग्रिड से बिजली सप्लाई मिलती है। बिजली सप्लाई बंद होने के कारण बुधवार शाम को डाइंग इंडस्ट्री ने अपना सीईटीपी जनरेटर पर चलाया। उद्यमियों का कहना है कि इंडस्ट्री रात तक जनरेटर पर सीईटीपी चलाएगी। पीएसपीसीएल के चीफ इंजीनियर जगदेव सिंह ने बताया कि आग बुझने के बाद सही नुक्सान का पता चलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रिड को चालू करने में वक्त लगेगा। उपभोक्ताओं को परेशानी न हो इसके लिए लोड शिफ्ट करके सप्लाई बहाल की जाएगी लेकिन इसमें भी एक से दो दिन का वक्त लग सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें