Ravindra Jadeja के अर्धशतक से भारत के 7 विकेट पर 201 रन, फॉलोआन बचाने के लिए चाहिए 45 रन
December 17, 2024
ब्रिसबेन: रविन्द्र जडेजा ने आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का डटकर सामना करते हुए अर्धशतक लगाकर भारत को तीसरे क्रिकेट टेस्ट के वर्षा बाधित चौथे दिन चाय ब्रेक तक सात विकेट पर 201 रन तक पहुंचाया। जडेजा (109 गेंद में नाबाद 65 रन) ने सातवें विकेट के लिए नीतिश कुमार रेड्डी (61 गेंद में 16 रन) के साथ 53 रन जोड़े। इससे पहले केएल राहुल शतक से वंचित रह गए और 84 के स्कोर पर नाथन लियोन की गेंद पर पहली स्लिप में स्टीव स्मिथ को कैच दे बैठे।
भारतीय टीम अभी भी मेजबान से 244 रन पीछे है और फॉलोआन बचाने के लिए 45 रन और बनाने हैं। चाय के समय जडेजा के साथ मोहम्मद सिराज एक रन बनाकर क्रीज पर है। आर अश्विन और वाशिंगटन सुंदर पर जडेजा को तरजीह दिए जाने पर कइयों ने सवाल उठाये थे लेकिन इस हरफनमौला ने अपनी उपयोगिता साबित कर दी। आस्ट्रेलिया में जडेजा का औसत अब 54 है और पिछली चार पारियों में यहां उन्होंने नाबाद 65, नाबाद 28, 57 और 81 रन बनाये हैं।
उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 22वां अर्धशतक 89 गेंद में पूरा किया। नीतिश ने उनका बखूबी साथ देते हुए विकेट बचाकर रक्षात्मक खेल दिखाया । वह बदकिस्मत रहे कि पैट कंमिस की उछाल लेती गेंद उनके स्टम्प पर जा लगी। इससे पहले अपने कल के स्कोर चार विकेट पर 51 रन से आगे खेलते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने जुझारूपन दिखाया और राहुल संकटमोचक साबित होते दिखे। राहुल भाग्यशाली रहे जिन्हें दिन की पहली गेंद पर दूसरी स्लिप में स्मिथ से जीवनदान मिला जबकि पैट कंमिस गेंदबाज थे।
उस समय राहुल 33 रन पर थे। आस्ट्रेलिया ने उनके लिये तीन स्लिप और एक गली फील्डर लगाया था ताकि राहुल को गलती करने पर मजबूर कर सके। लेकिन राहुल ने ढीली गेंदों का इंतजार किया और कोई जोखिम नहीं उठाया । कंमिस ने उन्हें आफ स्टम्प के बाहर भी गेंदें डाली जिन्हें या तो उन्होंने छोड़ दिया या रक्षात्मक खेला। ऐसा लग रहा था मानो वह चेतेश्वर पुजारा की बल्लेबाजी के वीडियो देखकर आये हैं कि आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को कैसे थकाना है। वहीं कप्तान रोहित शर्मा (10) एक बार फिर नाकाम रहे।
उन्होंने आफ स्टम्प पर पड़ती कंमिस की गेंद पर बल्ला अड़ाया और विकेट के पीछे एलेक्स कारी ने उन्हें चपलता से चलता कर दिया। तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड पिंडली में चोट के कारण मैदान से चले गए जिससे मेजबान टीम को एक गेंदबाज की कमी खली। हेजलवुड की चोट का स्कैन कराया जायेगा ।