Last Updated: September 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

कांग्रेस नेता पर फेंका गया ‘‘काली स्याही जैसा पदार्थ’’, मामला दर्ज

December 20, 2024

कांग्रेस नेता पर फेंका गया ‘‘काली स्याही जैसा पदार्थ’’, मामला दर्ज

Congress Leader : इंदौर में कांग्रेस कार्यालय के सामने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के एक नेता पर काली स्याही जैसा पदार्थ फेंकने के आरोप में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि भाजयुमो के बृहस्पतिवार शाम यहां कांग्रेस कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस नेता गिरीश जोशी पर कथित रूप से काली स्याही जैसा पदार्थ फेंका गया।

देर रात मामला किया गया दर्ज-
उन्होंने बताया कि इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 133 (किसी व्यक्ति का अपमान करने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग) के तहत बृहस्पतिवार देर रात मामला दर्ज किया गया।

कांग्रेस ने किया प्रदर्शन-
चश्मदीदों ने बताया कि इस घटना के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पंढरीनाथ पुलिस थाना परिसर में जुटकर प्रदर्शन किया और भजन गाए। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज होने तक कांग्रेस नेता देर रात तक थाना परिसर में ही डटे रहे।

भाजपा पर लगाया आरोप!
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा की युवा इकाई के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के नाम पर मुख्य विपक्षी दल के स्थानीय कार्यालय पर हमला किया। भाजपा ने इस आरोप को खारिज किया है।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सांसदों के साथ धक्का-मुक्की पर जताया था विरोध-
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के सामने बृहस्पतिवार शाम जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर संसद भवन परिसर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों के साथ धक्का-मुक्की का आरोप लगाते हुए विरोध जताया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें