Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

हत्या के आरोपी ने ठाणे की अदालत में न्यायाधीश पर फेंकी चप्पल, मामला दर्ज

December 23, 2024

हत्या के आरोपी ने ठाणे की अदालत में न्यायाधीश पर फेंकी चप्पल, मामला दर्ज

Thane Court : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक सत्र अदालत में हत्या के एक मामले की सुनवाई के दौरान 22 वर्षीय आरोपी ने न्यायाधीश पर चप्पल फेंक दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि चप्पल न्यायाधीश को नहीं लगी और वह मेज के सामने लकड़ी के फ्रेम से टकराकर न्यायपीठ लिपिक के पास जा गिरी। यह घटना शनिवार दोपहर कल्याण कस्बे की अदालत में हुई और इसके बाद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

महात्मा फुले पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी किरण संतोष भरम को हत्या के मामले में सुनवाई के लिए जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आर जी वाघमारे के समक्ष पेश किया गया था। अधिकारी ने बताया कि उस समय आरोपी ने न्यायाधीश से अनुरोध किया कि उसका मामला किसी अन्य अदालत को सौंपा जाए। न्यायाधीश ने आरोपी को अपने वकील के माध्यम से इसके लिए अनुरोध करने को कहा। उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी के वकील का नाम पुकारा गया, लेकिन वह मौजूद नहीं था और अदालत में पेश नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि आरोपी से किसी अन्य वकील का नाम बताने को कहा गया जो उसकी पैरवी कर सके और अदालत ने उसे नयी तारीख दे दी।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने नीचे झुककर अपनी चप्पल निकाली और न्यायाधीश की ओर फेंक दी, जिससे अदालत में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 132 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला करना या आपराधिक बल का प्रयोग) और 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें