Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

हेड का बुमराह के खिलाफ प्रदर्शन बल्लेबाजी का ऑस्ट्रेलियाई तरीका: Greg Chappell

December 25, 2024

हेड का बुमराह के खिलाफ प्रदर्शन बल्लेबाजी का ऑस्ट्रेलियाई तरीका: Greg Chappell

Greg Chappell : अपने जमाने के दिग्गज क्रिकेटर ग्रेग चैपल का मानना है कि ट्रैविस हेड वर्तमान समय में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं, जिनका बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के खिलाफ प्रदर्शन उनके निडर दृष्टिकोण और बल्लेबाजी के ऑस्ट्रेलियाई तरीके का जीवंत उदाहरण है। हेड ने भारत के खिलाफ पहले तीन टेस्ट मैचों में दो शतक और एक अर्धशतक की मदद से 409 रन बनाए हैं और वह श्रृंखला में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान चैपल का मानना है कि टेस्ट बल्लेबाज के रूप में हेड की सफलता के पीछे उनका सहज बने रहना और आक्रामकता है।

चैपल ने सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड में अपने कॉलम में लिखा, ‘‘वर्तमान श्रृंखला में जसप्रीत बुमराह के खिलाफ हेड का प्रदर्शन उनके निडर दृष्टिकोण का उदाहरण है। अन्य बल्लेबाज जहां बुमराह के अपरंपरागत एक्शन, तेज गति और लगातार सटीक गेंदबाजी के सामने संघर्ष कर रहे हैं वहीं हेड ने उन्हें किसी भी अन्य गेंदबाज की तरह लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘हेड ने मजबूत इरादों के साथ बुमराह का सामना किया और उनके खिलाफ रन बनाने का प्रयास करके न केवल उनके खतरे को कम किया बल्कि उनकी लय भी बिगाड़ी। शॉर्ट पिच गेंदों को खेलने और फुल लेंथ गेंदों को ड्राइव करने की उनकी क्षमता उल्लेखनीय है, जिससे उनकी प्रगति का पता चलता है।

चैपल ने कहा कि हाल के वर्षों में सभी प्रारूपों में हेड का शानदार प्रदर्शन का कारण उनका सहज होकर खेलना है। चैपल ने लिखा, ‘‘एक कच्ची, अप्रत्याशित प्रतिभा से लेकर विश्व क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली पुरुष बल्लेबाजों में से एक तक ट्रैविस हेड अपने चरम पर पहुंच गए हैं। उनका सफर केवल चुनौतियों पर काबू पाने तक सीमित नहीं है बल्कि अपनी शैली में सादगी बनाए रखने से भी जुड़ी है जो उनकी पहचान बन गई है।

चैपल का मानना है कि हेड दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक हैं जो सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ अपनी रणनीति तय कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ट्रैविस हेड की बल्लेबाजी का सार उनके सुव्यवस्थित दिमाग में निहित है। उन्होंने एक ऐसा रास्ता चुना है जो सावधानी से अधिक इरादे को प्राथमिकता देता है। एक ऐसी मानसिकता जो उन्हें रन बनाने के उद्देशय़ से हर गेंद का सामना करने के लिए प्रेरित करती है।

चैपल ने कहा, ‘‘अपनी वर्तमान फॉर्म में ट्रैविस बल्लेबाजी के ऑस्ट्रेलियाई तरीके का उदाहरण पेश करता है। अभी जिस तरह से उनके प्रदर्शन की चर्चा चल रही है उससे साफ हो जाता है कि ट्रैविस हेड दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें