Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Kashmir Weather: कश्मीर में शीत लहर का प्रकोप जारी, तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज

December 26, 2024

Kashmir Weather: कश्मीर में शीत लहर का प्रकोप जारी, तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज

Kashmir Weather: कश्मीर घाटी में भीषण ठंड जारी रहने के कारण अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में कई जलाशय और जलापूर्ति लाइनें जम गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 6.6 डिग्री सैल्सियस नीचे से कम है। अगले दो दिनों में कश्मीर में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट का अनुमान है।

गुलमर्ग को छोड़कर कश्मीर घाटी के अन्य सभी मौसम केंद्रों में रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में कश्मीर घाटी चिल्लई-कलां की चपेट में है, जो 21 दिसंबर से शुरू हुआ 40 दिनों के सबसे कठोर शीतकालीन दौर है। इस दौरान इस मौसम में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम है। पारे में गिरावट के कारण जल आपूर्ति लाइनें जम गई हैं, जबकि डल झील सहित कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई है।

विभाग ने बताया कि शहर गुलमर्ग से भी अधिक ठंडा रहा, जो उत्तरी कश्मीर में स्कीइंग गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध पर्यटक स्थल है, जहां पारा शून्य से 6.6 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह शून्य से 7.4 डिग्री सैल्सियस नीचे था। दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्र के आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 7.8 डिग्री सैल्सियस नीचे से कम है।

कश्मीर के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर क्षेत्र का कोनीबल शून्य से 9.5 डिग्री सैल्सियस नीचे तापमान के साथ घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिणी कश्मीर के कोकेरनाग में तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सैल्सियस नीचे रहा। मौसम विभाग ने बताया कि 27 दिसंबर को दोपहर बाद से लेकर अगले दिन पूर्वाह्न तक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। 29, 30 और 31 दिसंबर को मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा, जबकि नए साल की पूर्व संध्या पर ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी संभव है तथा 1 से 4 जनवरी तक कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें