Mangal Electricals ने SEBI के पास IPO दस्तावेज दाखिल किए, 450 करोड़ रुपये जुटाने का इरादा
December 26, 2024
नई दिल्ली: ट्रांसफार्मर के कलपुज्रे बनाने वाली कंपनी मंगल इलेक्ट्रिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये 450 करोड़ रुपये जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी के पास दस्तावेजों का मसौदा दाखिल किया है। दस्तावेजों के मसौदे (डीआरएचपी) के अनुसार, जयपुर स्थित कंपनी के आईपीओ में सिर्फ नए शेयर जारी किए जाएंगे, इसमें कोई बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल नहीं है।
कंपनी आईपीओ-पूर्व नियोजन के जरिये 90 करोड़ रुपये जुटाने पर विचार कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो नए निर्गम का आकार कम हो जाएगा। मंगलवार को दाखिल दस्तावेजों के मसौदे के अनुसार, आईपीओ से प्राप्त राशि में से 122 करोड़ रुपये का उपयोग कंपनी की कार्यशील पूंजी की जरूरतों के लिए किया जाएगा। इसके अलावा 120 करोड़ रुपये का इस्तेमाल राजस्थान के सीकर में सुविधा के विस्तार और जयपुर मुख्यालय में भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए सिविल कार्यों के लिए किया जाएगा।
96 करोड़ रुपये का उपयोग कर्ज भुगतान और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए होगा। इस साल 30 नवंबर तक मंगल इलेक्ट्रिकल इंडस्ट्रीज के पास 97.87 करोड़ रुपये का ऑर्डर था। पिछले वित्त वर्ष (2023-24) में कंपनी की परिचालन आमदनी 26.86 प्रतिशत बढक़र 449.48 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2022-23 में 34.31 करोड़ रुपये थी। कंपनी का शुद्ध लाभ इस दौरान बढक़र 24.74 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 20.95 करोड़ रुपये था।