Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

British Media ने पूर्व Prime Minister Manmohan Singh की प्रशंसा की

December 27, 2024

British Media ने पूर्व Prime Minister Manmohan Singh की प्रशंसा की

लंदन : ब्रिटेन के मीडिया ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी प्रशंसा की है। सिंह का बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में 92 वर्ष की आयु में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। ‘द गार्जियन’ अखबार ने एक लेख में लिखा, सिंह को उनके शर्मीलेपन और पर्दे के पीछे रहने की प्राथमिकता के कारण भारत का ‘अनिच्छुक प्रधानमंत्री’ कहा जाता था, उन्हें दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करने के लिए एक अप्रत्याशित विकल्प माना जाता था। लेकिन जब कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने 2004 में अपनी पार्टी को आश्चर्यजनक जीत दिलाई, तो उन्होंने सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का फैसला किया।’’ लेख में कहा गया, ‘‘उन्होंने भारत की उतार-चढ़ाव भरी राजनीति में प्रधानमंत्री के रूप में दो कार्यकाल पूरे किए और उन्हें तेजी से आर्थिक विकास को बढ़ावा देने का श्रेय दिया जाता है, जिसने लाखों भारतीयों को गरीबी से बाहर निकाला।’’ बीबीसी ने एक लेख में सिंह को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्रियों में से एक के रूप में याद किया, जिन्हें ‘‘प्रमुख उदारवादी आर्थिक सुधारों का वास्तुकार’’ माना जाता है।

साहसिक आर्थिक सुधारों के माध्यम से भारत के हितों को आगे बढ़ाया
सिंह 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे। इससे पहले वह वित्त मंत्री भी रहे थे। वहीं, भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि वह एक महान प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और वैश्विक राजनेता थे जिन्होंने साहसिक आर्थिक सुधारों के माध्यम से भारत के हितों को आगे बढ़ाया। कैमरन ने कहा कि सिंह ने वैश्विक मंच पर भारत को उसका उचित स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और साथ ही वित्तीय संकट के बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था को स्थिर बनाने में मदद की। उन्होंने कहा, ब्रिटेन के तीन प्रधानमंत्रियों के साथ उनकी (सिंह) अमूल्य साझेदारी पर ब्रिटेन को हमेशा गर्व रहेगा। हमारे दो महान विश्वविद्यालयों के पूर्व छात्र के रूप में उन पर गर्व रहेगा। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और भारत के लोगों के साथ हैं। भारत के प्रधानमंत्री के रूप में सिंह के दो कार्यकाल के दौरान ब्रिटेन में तीन प्रधानमंत्री रहे जिनमें टोनी ब्लेयर, गॉर्डन ब्राउन और डेविड कैमरन शामिल हैं। सिंह ने ब्रिटेन के कैंब्रिज और ऑक्सफॉर्ड विश्वविद्यालयों से पढ़ाई की थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें