Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

पर्यटकों की कार पर पहाड़ी से गिरा भारी मलबा, एक की हुई मौत, दो लोग घायल

December 30, 2024

पर्यटकों की कार पर पहाड़ी से गिरा भारी मलबा, एक की हुई मौत, दो लोग घायल

मंडी : चंडीगढ़ मनाली फोरलेन का मंडी से पंडोह के बीच का भाग लगातार खतरनाक बना हुआ है। रविवार को इसी मार्ग पर मंडी से 6 किलोमीटर दूर पंडोह की ओर 4 मील में अचानक पहाड़ी से भारी मलबा व चट्टानें गिरने से एक टैक्सी इसकी चपेट में आ गई जिसमें सवार मुंबई की पर्यटक महिला की मौत हो गई जबकि उसका पति व टैक्सी चालक घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार क्रिसमिस की छुट्टियां मनाकर वापस लौट रहे मुंबई के दपंति प्रिया यादव व चंचल यादव की टैक्सी एचआर 45 ई-4591 जब चार मील के पास पहुंची तो अचानक उपर से भारी मलबा व चट्टानें उस पर आ गिरी। मलबे ने इस टैक्सी को चकनाचूर कर दिया। उस वक्त इस मार्ग पर बड़ी तादाद में पर्यटक वाहन गुजर रहे थे। पुलिस को भी तत्काल सूचित किया गया।

किसी तरह से इस चकनाचूर वाहन से इन लोगों को निकाला मगर महिला की मौत हो चुकी थी जबकि उसका पति चंचल यादव व चालक शिव सिंह ठाकुर घायल हो गए थे। घायलों को तुरंत मंडी के जोनल अस्पताल पहुंचाया गया। चंचल यादव की हालत गंभीर होने पर उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया जबकि चालक का इलाज जोनल अस्पताल में ही चल रहा है।

मृतका की पहचान प्रिया यादव उम्र 30 साल, सेक्टर 10 कलाबली मुंबई के रूप में हुई है जबकि घायल चालक हरियाणा के करनाल का रहने वाला है। मौके पर पहुंचे मंडी सदर थाना के प्रभारी देश राज ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने व उसके बाद इस व्यस्त मार्ग पर लग गए लंबे जाम को खुलवाकर यातायात बहाल किया।

गनीमत यह रही कि इस टैक्सी के आगे पीछे भी पर्यटक वाहन थे जो बाल बाल मलबे की चपेट में आने से बच गए। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल मंडी में रखा गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद शर्मा ने भी अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना। मृतका व घायलों के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।

ये भी देखें : अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन: BSF और पुलिस ने 980 ग्राम हेरोइन की बरामद

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें