Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली चुनाव के बीच कांग्रेस का युवाओं के लिए बड़ा ऐलान, युवाओं को हर महीने मिलेंगे 8500 रुपये

January 12, 2025

दिल्ली चुनाव के बीच कांग्रेस का युवाओं के लिए बड़ा ऐलान, युवाओं को हर महीने मिलेंगे 8500 रुपये

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने रविवार को युवा उड़ान योजना नाम से दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तीसरी गारंटी की घोषणा की और इस योजना के तहत सत्ता में आने पर यहां के बेरोजगार युवक-युवतियों को हर महीने 8500 रुपये देने का एलान किया।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में इस योजना की घोषणा करते हुए कहा, “आज महान विचारक स्वामी विवेकानंद जी की जयंती है, जो युवाओं के प्रेरणा स्रोत थे। दिल्ली में युवाओं के भविष्य पर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार का कोई ध्यान नहीं है। दिल्ली में इतिहास गवाह है कि यहां जब-जब कांग्रेस की सरकार रही है, तब-तब यहां के विकास को पूरे देश में लोग अग्रिम मानते आए हैं। दिल्ली में जिस जिम्मेदारी से हम वादा करेंगे, उसी जिम्मेदारी के साथ उसे पूरा भी करेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि 05 फरवरी को जब दिल्ली के लोग मतदान करेंगे, तो इतिहास को याद करेंगे कि किसने क्या कहा और क्या किया।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली का विधानसभा चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है। इन चुनावों में हमारे कार्यकर्ता और नेता अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमने जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनीं, फिर उन समस्याओं पर विशेषज्ञों से चर्चा करने के बाद अब गारंटी पेश कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, “पूरे देश में युवा परेशान हैं। दिल्ली में भी युवाओं की हालत चिंताजनक है, लेकिन केंद्र और प्रदेश सरकार ने युवाओं पर ध्यान नहीं दिया। आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक-दूसरे पर सिर्फ आरोप लगाए, खुद के वादे पूरे नहीं किए और जनता को भूल गई, लेकिन कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी समझती है। इसलिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ हम गारंटी पेश कर रहे हैं, क्योंकि जनता जानती है कि हम जो कहते हैं, वो कर दिखाते हैं।”

उन्होंने कहा, “दिल्ली में रहने वाले हमारे युवा और शिक्षित साथियों को संबल देना सरकार का दायित्व है। अगर युवा हतोत्साहित होगा तो ये देश के लिए अच्छी बात नहीं है। इसलिए हमने निर्णय लिया है कि दिल्ली में कांग्रेस सरकार बनने के बाद शिक्षित और बेरोजगार युवाओं को एक साल की अप्रेंटिसशिप और 8,500 रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। हमारी कोशिश रहेगी कि इस एक साल में युवा अपनी कार्यकुशलता को बढ़ाकर उसी क्षेत्र में आगे बढ़ें, जिसकी उन्होंने प्रशिक्षण लिया है।”

उन्होंने कहा, “रोजगार का निर्माण करना किसी भी सरकार की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन केंद्र और प्रदेश सरकार दोनों ने बेरोजगारों को नजरअंदाज किया। पढ़े-लिखे बच्चों को रोजगार देना चाहिए था, लेकिन मौका मिलने के बाद भी दोनों सरकारें काम नहीं कर पाईं। कांग्रेस ने हमेशा जनता के लिए काम किया। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार ने बेहतरीन काम किया, जिसमें मैं खुद मंत्री था। आज दिल्ली में राजनीति सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप की रह गई है, लेकिन अब लोग बेहतर विकल्प चाहते हैं। हमें उम्मीद है कि आने वाले चुनावों में जनता कांग्रेस पार्टी को चुनेगी और सरकार बनाएगी।”
वहीं प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, “हमने बहुत सोझ-समझकर ‘युवा उड़ान योजना’ पेश की है। ये योजना उन शिक्षित युवाओं के लिए है, जो बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। हम युवा उड़ान योजना के जरिए युवाओं को एक दिशा देना चाहते हैं। इस योजना के तहत पंजीकृत शिक्षित बेरोजगार युवाओं को हर महीने 8,500 रुपए मिलेंगे। हमारी सरकार की कोशिश रहेगी कि युवाओं का कौशल विकास भी हो, ताकि कौशल के मुताबिक उन्हें रोजगार मिल सके।”

इससे पहले दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली आए और लोगों से मिले, उसके बाद भी लोगों से मुलाकात करते रहे। उसी तरह ‘दिल्ली न्याय यात्रा’ में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली के लोगों से संवाद स्थापित किया। इन्हीं संवादों के आधार पर निष्कर्ष निकला कि केंद्र और दिल्ली सरकार की नीतियों ने युवाओं की कमर तोड़ रखी है। कांग्रेस युवाओं की ये तकलीफ समझती है, इसलिए हम उनके लिए अपनी तीसरी गारंटी लेकर आए हैं। सभी जानते हैं कि कांग्रेस जो कहती है, वो कर दिखाती है।

ये भी पढ़ें: पंजाब पुलिस का इंटरनेशनल गैंगस्टर नेटवर्क पर एक्शन, अवैध हथियारों सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें