Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

School Holiday : ठंड और कोहरे के कारण फिर बढ़ी स्कूलों की छुट्टियां, अब इस तारीख को खुलेंगे

January 16, 2025

School Holiday : ठंड और कोहरे के कारण फिर बढ़ी स्कूलों की छुट्टियां, अब इस तारीख को खुलेंगे

नेशनल डेस्क : उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर फिर से दिखाई देने लगा है। इस खराब मौसम ने कई राज्यों में सामान्य जीवन को प्रभावित किया है। गुरुवार को दिल्ली और अन्य राज्यों में घना कोहरा और बारिश का मंजर देखा गया।  मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी घने कोहरे और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तर प्रदेश में स्कूल बंद

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और कोल्ड वेव के चलते 16 और 17 जनवरी को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। यूपी के बेसिक शिक्षा निदेशक, प्रताप सिंह बघेल ने एक आदेश जारी कर बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल और मान्यता प्राप्त 8वीं तक के स्कूल शुक्रवार तक बंद रहेंगे। जिलाधिकारी इस आदेश का पालन करेंगे और स्कूलों में छुट्टियां लागू करेंगे।

गाजियाबाद में भी स्कूल बंद

गाजियाबाद के जिला मजिस्ट्रेट इंद्र विक्रम सिंह ने भी कोल्ड वेव के कारण 1 से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। यह आदेश सीबीएसई, आईसीएससीई और यूपी बोर्ड से जुड़े सभी स्कूलों के लिए है। इन स्कूलों में 18 जनवरी तक छुट्टियां रहेंगी, हालांकि स्कूल के कर्मचारी नियमित रूप से अपनी ड्यूटी पर आएंगे।

जम्मू–कश्मीर में 28 फरवरी तक छुट्टियां

जम्मू-कश्मीर में भी बर्फबारी और अत्यधिक ठंड के कारण स्कूलों में छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। जम्मू-कश्मीर के स्कूल शिक्षा मंत्री सकीना लट्टू ने घोषणा की कि 12वीं तक के सभी स्कूल और कॉलेज 28 फरवरी 2025 तक बंद रहेंगे। जम्मू-कश्मीर में इस समय न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री सेल्सियस से नीचे है, और बर्फबारी जारी है, जिससे छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।

बिहार में स्कूलों की छुट्टियां

बिहार में भी कड़ाके की ठंड के कारण स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। पटना के जिला मजिस्ट्रेट ने 18 जनवरी तक स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और प्री-स्कूलों में कक्षा 8 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों को बंद रखने का आदेश दिया है। वहीं, 8वीं से ऊपर के स्कूलों के लिए शिक्षण समय में बदलाव किया गया है। इन स्कूलों का शिक्षण समय अब सुबह 9 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, दरभंगा में भी स्कूल बंद करने का निर्णय लिया गया है।

खराब मौसम का असर

उत्तर भारत में हो रही घनी ठंड और कोल्ड वेव के कारण आम जनजीवन पर भी असर पड़ा है। ट्रैफिक जाम, रेल और हवाई यात्रा में देरी के अलावा, स्कूलों में छुट्टियां घोषित की गई हैं ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे और अधिक स्कूलों में छुट्टियां बढ़ाई जा सकती हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें