Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mahakumbh Stampede : बलिया के चार लोगों की हुई मौत, परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

January 30, 2025

Mahakumbh Stampede : बलिया के चार लोगों की हुई मौत, परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

Mahakumbh Stampede : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को मौनी अमावस्या पर हुई भगदड़ में बलिया के चार लोगों की मौत हो गई। फेफना थाना क्षेत्र के नसीराबाद में एक ही परिवार की दो सदस्यों (मां-बेटी) की मौत हो गई। इनकी पहचान रीना देवी (35) और रौशन (12) के तौर पर हुई है, जबकि दो मृतकों की पहचान नगरा थाना क्षेत्र के निवासी के तौर पर हुई है।

फेफना थाना क्षेत्र के नसीराबाद के रहने वाले दिलीप पटेल ने बताया कि महाकुंभ में हुई भगदड़ में भाभी और भतीजी की मौत हो गई है। वे मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में अमृत स्नान करने गई थीं। मेरी भतीजी 12 साल की थी और मेरी भाभी 35 साल की थीं। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम पूरा हो गया है। बताया गया है कि दो घंटे में एंबुलेंस शव लेकर घर पहुंचेगा।

नगरा थाना क्षेत्र में दो लोगों की मौत हुई है। मृतक के परिजन ने बताया कि मेरी भाभी 12-13 लोगों के साथ कुंभ मेले में गई थीं और स्नान करते समय मची अफरातफरी में उनकी जान चली गई। पोस्टमार्टम पूरा हो गया है। रात तक शव घर पर पहुंचेगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार की विधि पूरी की जाएगी।

महाकुंभ में हुई भगदड़ पर बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, कि ‘हम राज्य सरकार की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को 25-25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा करते हैं। न्यायिक आयोग इस मामले की जांच करेगा। पूरे मामले की जांच कर आयोग समय सीमा के अंदर अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगा। मुख्य सचिव और डीजीपी प्रयागराज जाएंगे और आगे होने वाले स्नान के साथ सभी मुद्दों को देखेंगे।‘

बता दें कि प्रयागराज में भव्य महाकुंभ का आयोजन किया गया है। 13 जनवरी से शुरू हुए इस महाकुंभ में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और आस्था के संगम में डुबकी लगा रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक अब तक 10 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने स्नान कर चुके हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें