Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

Adani Son Wedding : पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ एक-दूजे के हुए Diva और Jeet Adani

February 7, 2025

Adani Son Wedding : पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ एक-दूजे के हुए Diva और Jeet Adani

Adani Son Wedding : अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी के छोटे बेटे जीत और सूरत के मशहूर हीरा कारोबारी जैमिन शाह की बेटी दिवा शुक्रवार को एक छोटे निजी समारोह में विवाह बंधन में बंध गए। गौतम अडानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नवविवाहित जोड़े की तस्वीर शेयर करते हुए पोस्ट में लिखा, ‘परमपिता परमेश्वर के आशीर्वाद से जीत और दिवा आज विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए। यह विवाह आज अहमदाबाद में प्रियजनों के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों और शुभ मंगल भाव के साथ संपन्न हुआ।’ इस मौके पर सिर्फ दोनों परिवार के रिश्तेदार और कुछ बेहद करीबी पारिवारिक मित्र मौजूद थे। अरबपति कारोबारी ने बताया कि यह ‘एक छोटा और अत्यंत निजी’ समारोह था और इसलिए वह सभी शुभचिंतकों को आमंत्रित नहीं कर सके। गौतम अडानी ने पोस्ट में दिवा को ‘बेटी’ कहा है। उन्होंने लिखा, ‘मैं आप सभी से बेटी दिवा और जीत के लिए स्नेह और आशीष का हृदय से आकांक्षी हूं।’ तस्वीर में गुलाब की पंखुड़ियों से पटे स्टेज पर पारंपरिक वैवाहिक जोड़े में जीत और दिवा बेहद खूबसूरत दिख रहे हैं। इस मौके पर गौतम अडानी ने 10,000 करोड़ रुपये का दान दिया है। इसका ज्यादातर हिस्सा स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ी परियोजनाओं के लिए इंफ्रास्ट्रर तैयार करने पर खर्च होगा ताकि ये समाज के हर वर्ग के लिए सुलभ हों। इसके तहत विश्व स्तरीय अस्पताल, 12वीं तक के स्कूल और एडवांस वैश्विक कौशल वाले संस्थान बनाए जाएंगे।

हर साल 500 दिव्यांग महिलाओं की शादी में 10-10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का संकल्प

जीत अडानी वर्तमान में देश की सबसे बड़ी एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रर कंपनी अडानी एयरपोर्ट होलडिंग्स के निदेशक हैं। कंपनी देश के आठ हवाई अड्डों के प्रबंधन एवं विकास से जुड़ी है। जीत हवाई अड्डा कारोबार के अलावा अडानी समूह के डिफेंस, पेट्रोकेमिकल्स और कॉपर कारोबार का काम भी देख रहे हैं। वह समूह के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के प्रभारी भी हैं। गौतम अडानी ने 21 जनवरी को महाकुंभ में घोषणा की थी कि जीत का शादी का समारोह बेहद छोटा और निजी होगा। शादी से दो दिन पहले जीत अडानी ने मंगल सेवा की शुरुआत की। इसके तहत उन्होंने हर साल 500 दिव्यांग महिलाओं की शादी में 10-10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का संकल्प लिया है। अपने घर पर 5 फरवरी को 21 नवविवाहित दिव्यांग महिलाओं और उनके पतियों के साथ इसकी शुरुआत करते हुए उन्होंने इन जोड़ों को 10-10 लाख रुपये के चेक प्रदान कर उनका आशीर्वाद लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें