Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

वसंतोत्सव की छुट्टियों ने आर्थिक तौर पर रचा इतिहास

February 17, 2025

वसंतोत्सव की छुट्टियों ने आर्थिक तौर पर रचा इतिहास

Vasantotsav holidays: जिंदगी में कुछ पाना है तो जरूरी है कि लगातार मेहनत की जाए..लेकिन क्या जिंदगी का उद्देश्य सिर्फ मेहनत करना, उसके माध्यम से केवल आर्थिक लाभ पाना ही है…नहीं, जिंदगी का एक उद्देश्य है मानवीय तरीके से जीवन का लुत्फ भी उठाना..आनंद बिना छुट्टिय़ों और अपने सांस्कृतिक त्योहारों को मनाए बिना भला कैसे उठाया जा सकता है? त्योहार सामाजिकता के प्रतीक ही नहीं हैं, बल्कि वे राष्ट्रीय आर्थिक तरक्की के आधार भी हैं…दुनिया की दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था चीन में जारी वसंत महोत्सव ने ऐसा ही कर दिखाया है..2025 के वसंत महोत्सव में तकरीबन पूरा चीन छुट्टियों की मस्ती में डूबा रहा..इस दौरान चीन में घरेलू पर्यटन में जबर्दस्त बढ़ोतरी हुई है। इससे देश में जबर्दस्त आर्थिक गतिविधियां बढ़ी हैं। इसके जरिए पता चला है कि चीन में किस तरह उपभोक्ता समाज बढ़ रहा है। चीन के संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, आठ दिनों की छुट्टियों के दौरान करीब 50 करोड़ दस लाख घरेलू पर्यटकों ने देश के विभिन्न स्थानों की यात्रा की। यह इसी अवधि में पिछले साल की दर से 5.9 प्रतिशत ज्यादा है।

इन छुट्टियों में आंकड़ों के अनुसार चीनी लोगों ने पर्यटक के रूप में करीब 677अ अरब युआन यानी करीब 94.43 अरब डॉलर खर्च किया है। यह खर्च 2024 के वसंतोत्सव की तुलना में 7 प्रतिशत ज्यादाहै। घरेलू खर्च में यह वृद्धि चीन के पर्यटन बाजार की बढ़ती ताकत और चीनी नागरिकों की बढ़ी क्रय शक्ति का प्रतीक बनकर उभरी है। चीन सरकार का मानना है कि इसके जरिए देश में सैलानी आधारित नई आर्थिकी विकसित हो रही है।

चीन में सबसे ज्यादा दिनों तक वसंतोत्सव की छुट्टी मनाई जाती है। इस दौरान चीनी नागरिक अपनी पसंदीदा जगहों पर घूमने जाते हैं, अपने लिए खर्च करते हैं। यात्रा और दूसरे खर्चों के रूप में आर्थिकी को नई गति मिलती है। इस दौरान करोड़ों लोग विरासत स्थलों की यात्रा करते हैं, जीवंत सांस्कृतिक त्योहारों को मनाते हैं और अपने सुरम्य ग्रामीण इलाकों पर भी जाते हैं। इससे चीनी जनसांख्यिकी उत्साहित होती है और बाजार भी खुश रहता है।

चीन में आर्थिक और पर्यटन की इस तेजी से साफ हुआ है कि कोरोना महामारी के बाद देश आर्थिक तौर पर मजबूत बना हुआ है और उसकी आर्थिकी तेजी से विकास कर रही है। इसमें उन्नत बुनियादी ढाँचा, रियायती यात्रा पैकेज और व्यापक विपणन अभियान बड़े मददगार साबित हुए हैं।

बीते वसंतोत्सव में चीनी नागरिक छुट्टी के दौरान सांस्कृतिक अनुभवों, पर्यावरण-पर्यटन और कम-खोजे गए गंतव्यों को प्राथमिकता देते नजर आए। इससे क्षेत्रीय पर्यटन विकास के नए अवसर खुले हैं। इसकी वजह से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्थाओं को मजबूती मिलती नजर आ रही है। पर्यटक खर्च बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं में विशेषकर ग्रामीण और कम विकसित क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ी हैं। इससे सतत पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। जिसमें पर्यावरण-अनुकूल और समुदाय-आधारित यात्रा की मांग बढ़ी। इससे ऐसी नीतियां बनाने की ओर ध्यान गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास का संतुलन बना रहे। इस वसंतोत्सव के दौरान पर्यटक गतिविधियों से प्रौद्योगिकी और नवाचार का लोगों ने खूब लाभ उठाया। चीन सरकार का मानना है कि एआई केंद्रित यात्रा सुविधाओं और डिजिटल भुगतान प्रणाली से पर्यटन और बढ़ सकता है। हो सकता है कि चीन सरकार अगले साल इस दिशा में आगे बढ़े।

2025 स्प्रिंग फेस्टिवल की अभूतपूर्व सफलता ने चीन के पर्यटन उद्योग के लिए एक मानदंड स्थापित किया है, जो घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय यात्रा दोनों के लिए एक आशाजनक भविष्य का संकेत देता है। नीति निर्माता और उद्योग जगत का मानना है कि जैसे-जैसे पर्यटन क्षेत्र का विकास होगा, वसंत महोत्सव चीन की समृद्ध विरासत और आर्थिक विकास का प्रतीक बनता जाएगा। इस दौरान जिस तरह परंपरा और आधुनिकता का संगम नजर आया है, वह अप्रतिम कहा जा सकता है और यह पर्यटन उद्योग में चीन की वैश्विक स्थिति को रेखांकित कर रहा है। चीन का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला टीवी शो ‘ स्प्रिंग फेस्टिवल गाला’ 29 जनवरी को प्रसारित हुआ। आईक्यू मैगजीन के अनुसार, इस साल इसे रिकॉर्ड 496 मिलियन लाइवस्ट्रीम व्यूज मिले, जो पिछले साल की तुलना में 18 प्रतिशत अधिक है।

सालाना तौर पर होने वाले इस कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, ओपेरा, मार्शल आर्ट और कॉमेडी सहित कई प्रदर्शन कलाएं शामिल की जाती हैं। इस साल इसमें दो चीजें सबसे खास रहीं, पहली अमेरिकी पॉप रॉक बैंड वन रिपब्लिक और एक अमेरिकी दुकान के मालिक इवान कैल का शामिल होना। कार्यक्रम में वन रिपब्लिक ने अपने हिट गीत काउंटिंग स्टार्स का प्रदर्शन किया। इस तरह वसंतोत्सव गाला में प्रदर्शन करने वाला वह पहला अमेरिकी बैंड बन गया। कैल एक दुर्लभ फोटो एलबम दान करके चीन में जनजन के बीच लोकप्रिय हो गए। गाला में ऐसे कार्यक्रमों के समावेश का एक संकेत यह भी है कि चीन सांस्कृतिक स्तर पर भी दुनिया के लिए खुला रूख रहा है। इस कार्यक्र में चीन और पेरू के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम भी इसी सांस्कृतिक खुलेपन का प्रतीक रहा।

वैसे तो वसंतोत्सव की चीन में महज आठ दिनों तक ही छुट्टी रही,लेकिन नागरिक 22 फरवरी तक अपने हिसाब से छुट्टी लेकर आगे बढ़ते रहेंगे, घूमते रहेंगे। इस वजह से चीनी अधिकारियों का अनुमान है कि रिकॉर्ड 9 अरब घरेलू यात्राएं होंगी। बॉक्स ट्रैकर डेंग्टा डेटा के अनुसार, 2025 वसंतोत्सव की छुट्टियों के कारण, चीनी फिल्म बाजार का कुल बॉक्स ऑफिस राजस्व 3 फरवरी तक 10 अरब आरएमबी यानी लगभग 1.4 अरब अमरीकी डालर को पार कर गया था। यह रकम उत्तरी अमेरिकी फिल्म बाजार से भी ज्यादा है।

वैश्विक मंच पर चीन के बढ़ते प्रभाव के साथ, वसंत महोत्सव राष्ट्रीय सीमाओं को पार कर वास्तव में एक वैश्विक उत्सव बन गया है। वसंत महोत्सव के रीति-रिवाज अब लगभग 200 देशों और क्षेत्रों में मनाए जाते हैं। इसके साथ ही दुनिया के करीब 20 देशों ने इसे आधिकारिक सार्वजनिक अवकाश घोषित कर रखा है।

सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए कई देशों में सार्वजनिक रूप से मंचित ड्रैगन और शेर नृत्य, लालटेन उत्सव और आतिशबाजी प्रदर्शन जैसी वसंत महोत्सव परंपराएं आयोजित की जाती हैं। ये गतिविधियाँ न केवल चीनी समुदायों को बल्कि विविध पृष्ठभूमि के लोगों को भी आकर्षित करती हैं। इन आंकड़ों से साऱफ है कि जीवन आनंद लेते हुए कोई समाज और राष्ट्र अपनी आर्थिकी को बढ़ावा दे सकता है। चीन का वसंतोत्सव और उसके आर्थिक आंकड़े इसके गवाह हैं..

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग) (लेखक— उमेश चतुर्वेदी)

ये भी पढ़ें: अमृतपाल सिंह केस में HC का अहम फैसला: NSA हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका की खारिज

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें