Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

धर्मशाला में ट्रैकिंग को गए यूके के एक सैलानी की मौत

February 17, 2025

धर्मशाला में ट्रैकिंग को गए यूके के एक सैलानी की मौत

धर्मशाला: धर्मशाला में ट्रैकिंग को गए यूनाइटेड किंगडम के दो पर्यटकों में से एक की मौत हो गई। दोनों ही पर्यटक त्रियूंड ट्रैकिंग के लिए गए थे, जो कि स्नोलाइन से ट्रैकिंग करते हुए थाथरी पहुंच गए थे। थाथरी से धर्मशाला वापिस आते समय एक पर्यटक दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो गया। इस संबंध में पर्यटकों ने धर्मशाला पुलिस को सूचित किया था। सोमवार को जब उन्हें रेस्क्यू कर धर्मशाला लाया जा रहा था तो एक की मौत हो गई। मृतक की पहचान थॉमस हैरी के रूप में हुई है, जबकि उसके घायल साथी रॉबर्ट जॉन एमर्टन का जोनल अस्पताल धर्मशाला में उपचार चल रहा है।

एसपी कांगड़ा शालिनी अग्रिहोत्री ने बताया कि रविवार को पुलिस थाना धर्मशाला को दो विदेशी नागरिकों ने सूचना दी थी कि ट्रैकिंग के दौरान एक दुर्घटना घटित हुई है। जिस पर पुलिस व एसडीआरएफ टीम को रेस्क्यू के लिए भेजा गया था तथा शाम को ही इनकी लोकेशन का पता चला था। रविवार रात और सोमवार को दिन में इन्हें सुरक्षित लाने के प्रयास किए गए, लेकिन दुर्भाग्यवश एक विदेशी की धर्मशाला पहुंचने तक मौत हो गई। धर्मशाला पुलिस द्वारा इस मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।

प्रथम दृष्टया यह लग रहा है कि ढांक से गिरने के कारण विदेशी घायल हुए थे। दोनों ही विदेशी यूनाइटेड किंगडम के रहने वाले हैं, जो कि टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे। दो दिन पहले ही धर्मशाला पहुंचकर दोनों ट्रैकिंग के लिए गए थे। मृतक विदेशी का एक साथी घायल है, जिसका उपचार धर्मशाला अस्पताल में किया जा रहा है। एसपी ने बताया कि अभी तक जो जानकारी मिली है कि दोनों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने पर लगाए गए प्रतिबंध का इन्हें ज्ञान नहीं था। धर्मशाला पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है तथा घायल विदेशी के स्वस्थ होने पर उनसे और जानकारी जुटाई जाएगी।

ये भी पढ़ें: अमृतपाल सिंह केस में HC का अहम फैसला: NSA हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका की खारिज

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें