Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Manipur में प्रतिबंधित संगठन के 6 सदस्य गिरफ्तार, जबरन वसूली के आरोप में 2 अन्य पकड़े गए

February 22, 2025

Manipur में प्रतिबंधित संगठन के 6 सदस्य गिरफ्तार, जबरन वसूली के आरोप में 2 अन्य पकड़े गए

इंफाल : Manipur के इंफाल पश्चिम जिले से एक प्रतिबंधित संगठन के छह सदस्यों और इंफाल पूर्वी में जबरन वसूली में शामिल होने के आरोप में एक अन्य समूह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित ‘कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (इबुंगो नगांगोम)’ के छह सदस्यों को शुक्रवार को इंफाल पश्चिम की कोत्रुक माखा लेईकाई चर्च से गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने इंफाल पूर्वी जिले के अचनबिगेई मानिंग लेईकाई से जी5 संगठन के भी दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। उन पर सेकमाई, इरिलबंग, कोइरेंगेई और पटसोई इलाकों में रेत से लदे ट्रकों से जबरन वसूली करने का आरोप है। वे सेकमाई इलाके में ट्रक चालकों से चाबियां छीनने की घटनाओं में भी कथित तौर पर शामिल थे।

लोगों से अवैध हथियार जमा कराने की अपील की थी

अधिकारी ने बताया कि उनकी पहचान निंगथौजम यंबा सिंह (43) और उषाम नेताजी सिंह (35) के रूप में हुई है। मणिपुर पुलिस ने यह भी कहा कि काकचिंग और कांगपोकपी जिलों में प्रशासन को कम से कम दो आग्नेयास्त्र और गोला-बारूद सौंपा गया। राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने हाल में लोगों से अवैध हथियार और गोला-बारूद जमा कराने की अपील की थी। वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने काकचिंग वैरी इलाके से कम से कम 12 आग्नेयास्त्र बरामद किए और उन्हें काकचिंग पुलिस थाने को सौंपा।

तलाशी अभियान चला रही है

टेंग्नौपाल जिले के मोरेह थाने की सीमा के अंतर्गत माओजांग गांव में एक अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने डेटोनेटर के साथ 22 किलोग्राम वजन के दो अत्याधुनिक विस्फोटक उपकरण, सात किलोग्राम का एक आईईडी, डेटोनेटर के साथ छह किलोग्राम का एक बम और चार किलोग्राम का एक बम बरामद किया। पुलिस ने बताया कि आईईडी को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसने कहा कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मणिपुर पुलिस मई 2023 में राज्य में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से केंद्रीय बलों के साथ मिलकर तलाशी अभियान चला रही है। इंफाल घाटी स्थित मेइती और समीपवर्ती पहाड़ियों पर स्थित कुकी-जो समूहों के बीच मई 2023 से जातीय हिंसा में 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें