Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

तेलंगाना सुरंग हादसा : राहुल गांधी ने इस घटना पर जताई गहरी चिंता, बोले- ‘ सुरंग में फंसे मजदूरों को बचाने की कोशिश जारी’

February 23, 2025

तेलंगाना सुरंग हादसा : राहुल गांधी ने इस घटना पर जताई गहरी चिंता, बोले- ‘ सुरंग में फंसे मजदूरों को बचाने की कोशिश जारी’

Telangana tunnel accident: तेलंगाना के नागरकुर्नूल जिले में शनिवार सुबह एक बड़ी दुर्घटना घटी, जब एक सुरंग का हिस्सा ढह गया। जिस वक्त सुरंग का हिस्सा ढहा, उस समय कई मजदूर सुरंग में काम कर रहे थे। सुरंग में आठ मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई।

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, तेलंगाना में सुरंग की छत गिरने की घटना से मैं बहुत व्यथित हूं। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं सुरंग में फंसे लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। मुझे बताया गया है कि बचाव अभियान जारी है और राज्य सरकार आपदा राहत टीमों के साथ मिलकर खतरे में पड़े लोगों को जल्दी से जल्दी वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए भारतीय सेना ने मोर्चा संभाल लिया है। सेना ने अपनी इंजीनियर टास्क फोर्स (ईटीएफ) को मौके पर भेजा। सेना की टीम ने मानवतावादी सहायता और आपदा राहत कार्यों के तहत बचाव अभियान शुरू कर दिया है। भारतीय सेना की इंजीनियर टास्क फोर्स अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है, जो इस प्रकार के जटिल और चुनौतीपूर्ण मिशन के लिए आवश्यक हैं।

सेना ने इस मिशन में विभिन्न विशेषज्ञ टीमों को तैनात किया है, जिसमें चिकित्सा दल, एम्बुलेंस और बचाव कार्यों के लिए आवश्यक सभी उपकरण शामिल हैं। सेना ने सुरंग में फंसे लोगों को निकालने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करना शुरू कर दिया है।

इस घटना को लेकर सीएम रेड्डी ने कहा कि सुरंग ढहने और कई लोगों के फंसने की सूचना मिलने के बाद अधिकारियों को तुरंत सतर्क किया गया। मैंने जिला कलेक्टर, एसपी, अग्निशमन विभाग, हाइड्रो और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत उपाय करने के आदेश दिए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने राज्य के एसएलबीसी सुरंग में फंसे कर्मियों के बचाव अभियान पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम रेड्डी को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार इस बचाव कार्य में हर संभव मदद और सहायता प्रदान करेगी।

आपको बता दें कि यह सुरंग नागरकुर्नूल जिले में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल टनल (एसएलबीसी) के निर्माणाधीन खंड पर अमराबाद में स्थित है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें