Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, IAS मधु रानी तेवतिया बनीं CM रेखा गुप्ता की सचिव

February 28, 2025

दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, IAS मधु रानी तेवतिया बनीं CM रेखा गुप्ता की सचिव

IAS Madhu Rani Tewatia becomes CM Rekha Gupta secretary

दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली सरकार में प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल किए हैं। कई आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। इस बारे में उप सचिव (सर्विसेस) भैरब दत्त ने शासन की तरफ से निर्देश जारी किए हैं।

2007 बैच के आईएएस अधिकारी अजीमुल हक अब दिल्ली वक्फ बोर्ड के सीईओ के पद पर पूर्ण रूप से कार्यभार संभालेंगे। 2008 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. मधु रानी तेवतिया को मुख्यमंत्री का सचिव बनाया गया है। वहीं, 2011 बैच के आईएएस अधिकारी संदीप कुमार सिंह को मुख्यमंत्री के विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही 2011 बैच के आईएएस अधिकारी रवि झा को आबकारी आयुक्त से हटाकर उन्हें भी मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। 2014 बैच के आईएएस अधिकारी सचिन राणा अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पद पर बने रहेंगे, साथ ही दिल्ली जल बोर्ड के सदस्य (प्रशासन) का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।

बता दें कि 5 फरवरी 2025 को हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल कर भाजपा ने दिल्ली में नई सरकार बनाई है। भाजपा ने रेखा गुप्ता को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया है। 2008 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. मधु रानी तेवतिया को सीएम रेखा गुप्ता के सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। मधु रानी तेवतिया की गिनती तेजतर्रार, गंभीर और ईमानदार आईएएस अधिकारी के तौर पर होती है। गौरतलब है कि चुनाव में दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जबकि, आम आदमी पार्टी (आप) ने 22 सीटों पर जीत हासिल की थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें