Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pune rape case : आरोपी को पकड़ने के लिए 500 पुलिसकर्मियों ने बिछाया था जाल, पुलिस कमिश्नर करेंगे गांव वालों को सम्मानित

February 28, 2025

Pune rape case : आरोपी को पकड़ने के लिए 500 पुलिसकर्मियों ने बिछाया था जाल, पुलिस कमिश्नर करेंगे गांव वालों को सम्मानित

पुणे। पुणे बस बलात्कार के आरोपी दत्तात्रय गाडे को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी शिरुर तालुका के गुनात गांव से की गई है। पुणे के पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने केस के आरोपी की गिरफ्तारी के बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। पुणे के पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने बताया कि स्वारगेट डिपो बलात्कार के आरोपी को गुरुवार की देर रात 1 बजकर 10 मिनट पर शिरुर तालुका के गुनात गांव से हिरासत में लिया गया था। इस ऑपरेशन में पिछले तीन दिन से क्राइम ब्रांच, जोन 2, स्वारगेट पुलिस स्टेशन सहित लगभग 500 अधिकारी और कर्मचारी लगे हुए थे। इसके अलावा इस ऑपरेशन में गुनात गांव के 400 से 500 नागरिकों का भी साथ मिला। पुलिस तक बहुत तेजी के साथ जानकारी पहुंच रही थी, जिससे हमें काफी मदद मिली।

पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने कहा, ‘इस ऑपरेशन के दौरान डॉग स्क्वायड से भी अलग-अलग जगह की लीड मिली थी। साथ ही ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया गया, जिसका फायदा पुलिस को मिला। हालांकि, पुलिस को इस ऑपरेशन में कामयाबी हासिल करने में देर तो लगी, लेकिन आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। ‘उन्होंने कहा कि इस केस के लिए स्पेशल काउंसिल की नियुक्ति की जाएगी, ताकि फास्ट ट्रैक तरीके से इस मामले को आगे ले जाया जा सके। हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि आरोपी को जल्द से जल्द सजा मिल सके।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मैं गुनात गांव के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने आरोपी को पकड़वाने के लिए पुलिस की मदद की थी। मैं खुद गुनात गांव भी जाऊंगा और उन्हें सम्मानित करूंगा। साथ ही मैं इस ऑपरेशन में लगी टीम को भी बधाई देता हूं।

आरोपी अपने रिश्तेदार के घर पानी पीने आया था। आरोपी ने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। मेडिकल रिपोर्ट में उसके गले पर निशान पाए गए हैं। पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने पुणो में महिलाओं की सुरक्षा पर बात करते हुए कहा, ‘शहर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिछले तीन दिनों में डिटेल ऑडिट की गई है। शहर के जो भी डार्क स्पॉट हैं, उनकी पेट्रोलिंग के लिए नए सिरे से प्लानिंग की गई है। हमें विश्वास है कि आगे ऐसी किसी भी घटना को रोका जा सकेगा। पुणो पुलिस शहर की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें