Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

तेज हवाओं से नौका असंतुलित, गोदावरी नदी में 2 लोगों की डूबकर मौत

March 4, 2025

तेज हवाओं से नौका असंतुलित, गोदावरी नदी में 2 लोगों की डूबकर मौत

Andhra Pradesh : पूर्वी गोदावरी जिले में तेज हवाओं के कारण गोदावरी नदी पर नौका के असंतुलित होकर एक तरफ झुक जाने से उसमें सवार दो व्यक्तियों की डूबकर मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राजमुंदरी सेंट्रल के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के. रमेश बाबू ने बताया कि दुर्घटना सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुई और मृतकों के शव मंगलवार देर रात करीब एक बजे बरामद किए गए। बाबू ने बताया, ‘‘गोदावरी नदी के बीच में स्थित एक द्वीप ‘ब्रिज लंका’ से 12 लोग देशी नौका में सवार होकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

नौका को मात्र मछली पकड़ने की अनुमति

हैवलॉक ब्रिज पिलर संख्या आठ के पास तेज हवाओं के कारण नाव असंतुलित होकर एक तरफ झुक गई।’’ उन्होंने बताया कि तेज हवाओं के कारण नाव में सवार सभी लोग एक तरफ को आ गए, जिससे नाव असंतुलित होकर एक ओर झुक गई। उन्होंने बताया कि नाव चला रहे दो लोगों ने, समूह के शेष लोगों को बचा लिया, लेकिन दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस का मानना है कि यह समूह एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए ब्रिज आइलैंड गया था।

विशाल गोदावरी नदी के मध्य में स्थित होने के कारण इस द्वीप में बहुत से लोग ठंडी हवाओं का लुत्फ उठाने के लिए आते हैं। पुलिस के अनुसार, नौका को मात्र मछली पकड़ने की अनुमति है और उसमें लोगों की सवारी करवाने की अनुमति नहीं है। इसलिए पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें