Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

POK भारत का हिस्सा, यहाँ के लोग भारत में रहना चाहते हैं : मोहसिन रजा

March 7, 2025

POK भारत का हिस्सा, यहाँ के लोग भारत में रहना चाहते हैं : मोहसिन रजा
POK : विदेश मंत्री एस. जयशंकर के पीओके पर दिए गए बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री मोहसिन रजा ने कहा है कि वह बिल्कुल सही कह रहे हैं और मैं उनके बयान से सहमत हूं। उन्होंने कहा कि हम पीओके वापस चाहते हैं। पीओके शब्द बार-बार सुनने से हमारे दिल पर भारी बोझ सा महसूस होता है, क्योंकि यह सही मायने में भारत का हिस्सा है। पीओके के लोग भारत में रहना चाहते हैं। भारत में विकास हो रहा है, यहां पर सुरक्षा है।

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी के क्रिकेटर मोहम्मद शमी के रोजा न रखने संबंधी बयान पर मोहसिन रजा ने कहा कि उन्हें माफी मांगनी चाहिए क्योंकि यह सिर्फ शमी का मामला नहीं है, यह हम सबका मामला है। यह हमारे और अल्लाह के बीच का मामला है, तो वे कौन होते हैं फैसला करने वाले। अगर उन्हें कोई लाभदायक बात पता है तो वे उसे साझा कर सकते हैं, लेकिन किसी को पापी घोषित करना बेबुनियाद है। शमी अपना धर्म के साथ ही साथ देश का धर्म भी निभा रहे हैं। इस्लाम में है कि जब आप सफर में हैं तो बाद में रोजा रख सकते हैं। मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी को खुद माफी मांगनी चाहिए।

महाराष्ट्र विधानसभा से सपा विधायक अबू आजमी के निलंबन के बारे में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के ट्वीट पर मोहसिन रजा ने कहा, ‘विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी ने हमेशा ऐसे बयानों का समर्थन किया है। आक्रमणकारियों और औरंगजेब जैसे शासकों की निंदा का वे विरोध करते हैं, जिन्होंने देश के खिलाफ काम किया। जब कोई ऐसे अत्याचारियों के खिलाफ बोलता है, तो समाजवादी पार्टी के एक नेता उसके बचाव में खड़े होते हैं, भले ही उन्होंने देश को कितना नुकसान पहुंचाया हो। अबू आजमी पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन पर पूर्व में कई मुकदमें हैं। अबू आजमी पर समाजवादी पार्टी को जवाब देना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें