Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर रखा कदम, अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक की शेयर

October 22, 2026

सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर रखा कदम, अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक की शेयर

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर अपना पहला पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने अपनी आने वाली किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक दिखाई। किताब में उनके बचपन, राजीव गांधी से मुलाकात, शादी और जीवन के मुश्किल दौर से जुड़ी कई निजी बातें पढ़ने को मिलेंगी।

कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी (CPP) की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट शुरू किया। उन्होंने अपने पहले पोस्ट में अपनी आने वाली किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक साझा की। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने जीवन की कहानी को पाठकों के साथ साझा करने की खुशी भी जाहिर की।

सोनिया गांधी ने अपने पहले इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “हेलो एवरीवन, मैं आप सभी के साथ यह पल साझा करने के लिए सच में शुक्रगुजार हूं। यह है ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक।” पोस्ट में किताब के बारे में बताते हुए कहा गया कि यह प्यार, जिम्मेदारी, अपनों को खोने के दुख और जिंदगी में अपनेपन की जगह तलाशने की कहानी है। सोनिया गांधी ने यह भी कहा कि वह अपनी इस कहानी को पाठकों के साथ साझा करने का इंतजार कर रही हैं।

 

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Sonia Gandhi (@soniagandhi)

बचपन से लेकर भारत आने तक का सफर बताएंगी सोनिया गांधी

‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ सोनिया गांधी के निजी जीवन और उनके अब तक के सफर पर आधारित है। इसमें उनके इटली में बीते बचपन से लेकर भारत आने तक की कहानी शामिल है। किताब में यह भी बताया गया है कि किस तरह राजीव गांधी से उनका रिश्ता आगे बढ़ा और कैसे उनका जीवन भारत से जुड़ गया।

इस किताब में सोनिया गांधी अपने जीवन के उन मुश्किल पलों के बारे में भी बात करेंगी, जिन्होंने उन्हें व्यक्तिगत रूप से प्रभावित किया। इनमें उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या तथा उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या जैसे दुखद घटनाक्रम शामिल हैं। इन घटनाओं ने उनके जीवन और भारत के साथ उनके रिश्ते को गहराई से प्रभावित किया।

राजीव गांधी से मुलाकात और शादी का भी होगा जिक्र

सोनिया गांधी का जन्म इटली में हुआ था। साल 1965 में, जब वह 19 साल की थीं और इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में पढ़ाई कर रही थीं, तब उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई। दोनों के बीच रिश्ता आगे बढ़ा और 25 फरवरी 1968 को उन्होंने शादी कर ली। किताब में सोनिया गांधी अपने बचपन, कैम्ब्रिज में बिताए समय और राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते से जुड़े अनुभव साझा करेंगी। इसके अलावा, उनकी सास इंदिरा गांधी के साथ उनके संबंधों और परिवार में हुए बड़े नुकसान का भी जिक्र होगा। सोनिया गांधी कांग्रेस की प्रमुख नेताओं में से एक हैं। वह लंबे समय तक पार्टी की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उनकी यह किताब उनके राजनीतिक जीवन के साथ-साथ निजी अनुभवों को भी समझने का मौका देगी।

10 नवंबर को प्रकाशित होगी किताब

प्रकाशक अल्फ्रेड ए. नोफ ने 18 अगस्त को घोषणा की थी कि ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को प्रकाशित होगी। अल्फ्रेड ए. नोफ, नोफ डबलडे पब्लिशिंग ग्रुप का हिस्सा है, जो पेंगुइन रैंडम हाउस की एक इकाई है। पेंगुइन रैंडम हाउस की मूल कंपनी बर्टेल्समैन एजी एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया कंपनी है।

राहुल गांधी ने भी जताई खुशी

सोनिया गांधी की किताब को लेकर उनके बेटे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी खुशी जाहिर की। अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती के मौके पर राहुल गांधी ने अपनी मां की किताब को लेकर उत्साह व्यक्त किया। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें खुशी और गर्व है कि उनकी मां की कहानी अब उन लाखों लोगों तक पहुंचेगी, जो उनसे प्यार करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सोनिया गांधी स्वभाव से निजी जीवन को सार्वजनिक करने से बचने वाली इंसान हैं, इसलिए उनके लिए दुनिया के सामने अपनी कहानी रखना आसान नहीं रहा होगा।

राहुल गांधी ने भावुक अंदाज में कहा कि उन्हें लगता है कि इस खास मौके पर उनके पिता राजीव गांधी मुस्कुरा रहे होंगे और सोनिया गांधी को गर्व से देख रहे होंगे। सोनिया गांधी की इस किताब से पाठकों को उनके जीवन के उन पहलुओं को करीब से जानने का मौका मिलेगा, जो अब तक काफी हद तक निजी रहे हैं। इसमें प्यार, परिवार, जिम्मेदारी, दुख और भारत को अपना घर बनाने की उनकी यात्रा की कहानी सामने आएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें