Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

International Women Day पर Swadha Singh की पुस्तक ‘अस्तित्व की तलाश में’ का किया विमोचन

March 8, 2025

International Women Day पर Swadha Singh की पुस्तक ‘अस्तित्व की तलाश में’ का किया विमोचन

नई दिल्ली : International Women Day के अवसर पर प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के सभागार में लेखिका एवं उद्यमी स्वधा सिंह के प्रथम काव्य संग्रह “अस्तित्व की तलाश में” का भव्य विमोचन किया गया। यह पुस्तक शिवालिक प्रकाशन, दिल्ली द्वारा प्रकाशित की गई है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एस.सी. नेगी (डायरेक्टर जनरल – पर्स, एमईएस ) ने पुस्तक का विमोचन करते हुए स्वधा सिंह की कविताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह संग्रह एक आधुनिक भारतीय महिला की आत्म-खोज की यात्रा को बखूबी दर्शाता है। उन्होंने लेखिका को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पुस्तक समाज में सकारात्मक संवाद को प्रेरित करेगी।

इस अवसर पर विभिन्न साहित्यकार, पत्रकार, और समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लेखिका स्वधा सिंह ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, “यह पुस्तक हर उस महिला को समर्पित है, जिसने कभी भी समाज द्वारा निर्धारित सीमाओं से परे अपने अस्तित्व की तलाश की है। मेरे इस संग्रह की कविताएँ आत्म-सम्मान, साहस और स्वतंत्रता के विचारों को व्यक्त करती हैं। मैं आशा करती हूँ कि यह पुस्तक महिलाओं को अपने वास्तविक स्वरूप को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।”

हिंदी भाषा में लिखित एक सशक्त कविता संग्रह

“अस्तित्व की तलाश में” हिंदी भाषा में लिखित एक सशक्त कविता संग्रह है, जिसमें महिला सशक्तिकरण, स्वतंत्रता, आत्म-अन्वेषण और सामाजिक संरचनाओं से परे जाकर खुद को पहचानने जैसे विषयों को गहराई से उकेरा गया है। पुस्तक मध्यम आयु वर्ग की उन महिलाओं की भावनाओं को अभिव्यक्त करती है, जो पारंपरिक और आधुनिक मूल्यों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास कर रही हैं।

गौरतलब है कि स्वधा सिंह एक सफल उद्यमी भी हैं। वे “ऑर्गोईस्ट” की संस्थापक हैं, जो पूर्वोत्तर भारत के अनोखे उत्पादों को बढ़ावा देने वाली एक उपभोक्ता उत्पाद कंपनी है। उनके प्रयास न केवल साहित्य के क्षेत्र में बल्कि महिला उद्यमिता के क्षेत्र में भी सराहनीय हैं। इस पुस्तक विमोचन समारोह में साहित्य और कला प्रेमियों ने पुस्तक की विषयवस्तु और लेखिका की लेखनी की प्रशंसा की। कई गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि यह काव्य संग्रह समाज में महिलाओं की स्थिति और उनके संघर्षों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें