Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

हेल्थ टूरिज्म का हब बन रहा गौतमबुद्ध नगर : CM Yogi Adityanath

March 8, 2025

हेल्थ टूरिज्म का हब बन रहा गौतमबुद्ध नगर : CM Yogi Adityanath

गौतमबुद्ध नगर : Chief Minister Yogi Adityanath ने शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर गौतमबुद्ध नगर पहुंचकर ग्रेटर नोएडा में ‘शारदा केयर-हेल्थ सिटी’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने शारदा ग्रुप को धन्यवाद देते हुए इसे सेवा और निवेश का अनूठा संगम बताया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सभ्य समाज के लिए अच्छी शिक्षा के साथ-साथ उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं आवश्यक हैं। उन्होंने निजी क्षेत्र के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। सीएम योगी ने शारदा यूनिवर्सिटी को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि हेल्थ टूरिज्म बहुत बड़ा सेक्टर है और गौतमबुद्ध नगर इसका बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। यही कारण है कि आज पूरी दुनिया की निगाह हमपर है।

एक दशक में स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुई प्रगति

सीएम ने पिछले एक दशक में स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुई प्रगति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जहां 70 साल में देश में 6 एम्स खुले, वहीं पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 साल में इनकी संख्या 22 हो गई। उत्तर प्रदेश में 2017 तक केवल 12 मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन पिछले 8 साल में 40 नए मेडिकल कॉलेज बनाए गए हैं। इसके अलावा निजी क्षेत्र में 37 और पीपीपी मॉडल में 3 नए मेडिकल कॉलेज (महाराजगंज, संभल और शामली) स्थापित किए गए हैं। आने वाले समय में बलिया और बलरामपुर में भी मेडिकल कॉलेज बनेंगे, जिसके लिए बजट में व्यवस्था की गई है। इसके बाद बचे हुए 6 जनपदों में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित होंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत हो रहा हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर

उन्होंने आगे बताया कि यूपी में दो एम्स (गोरखपुर और रायबरेली) और बीएचयू का आईएमएस मौजूद है। हर जनपद में निःशुल्क डायलिसिस, सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर डॉक्टर और तकनीकी कर्मचारी उपलब्ध हों, इसके लिए भी प्रयास किए गए हैं। हर रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ‘मुख्यमंत्री आरोग्य मेला’ आयोजित होता है, जहां स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाती है। योगी ने कहा कि देश में सर्वाधिक 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत के गोल्डन कार्ड यूपी में दिए गए हैं। इसके अलावा, आशा वर्कर, एएनएम, होमगार्ड, पीआरडी जवान और चौकीदारों को भी 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाएगा। पारंपरिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए भी कई अहम कदम उठाए गए हैं।

गौतमबुद्ध नगर बनने जा रहा हेल्थ टूरिज्म का बड़ा केंद्र

मुख्यमंत्री ने हेल्थ टूरिज्म को एक बड़ा क्षेत्र बताते हुए कहा कि भारत इसमें अग्रणी हो सकता है और गौतमबुद्ध नगर एआई का बड़ा केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। सीएम ने कोविड काल का जिक्र करते हुए कहा कि जब दिल्ली में अव्यवस्था थी, तब मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर और शामली में लोग इलाज के लिए आए। इस दौरान शारदा ग्रुप ने जनता की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विश्वास जताया कि शारदा केयर-हेल्थ सिटी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, योगेंद्र उपाध्याय, सांसद डॉ. महेश शर्मा, सुरेंद्र नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, शारदा विश्वविद्यालय के चांसलर पीके गुप्ता, वाइस चांसलर वाईके गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, ऋषभ गुप्ता सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें