पंजाब डेस्क: भारतीय टीम के दो दिग्गज खिलाड़ी जल्द शादी करने वाले हैं। पंजाब के ओलंपियन मनदीप सिंह हरियाणा के हिसार की रहने वाली उदिता कौर के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उदिता कौर भारतीय महिला हॉकी टीम की डिफेंडर है।
वायरल हुई शादी के कार्ड की फोटो
मनदीप और उदिता की शादी का कार्ड भी सामने आया है, जिसके मुताबिक दोनों 21 मार्च को जालंधर के मॉडल टाउन स्थित गुरूद्वारा सिंह सभा में शादी करेंगे। शादी वाले कार्ड में दोनों के नाम के आगे ओलिंपियन लिखा हुआ है। अब दोनों खिलाड़ियों के परिवार वाले शादी की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
कौन हैं मनदीप सिंह?
मनदीप सिंह का जन्म 25 जनवरी 1995 को जालंधर के मिट्ठापुर गांव में हुआ। सिंह ने जालंधर की सुरजीत हॉकी अकादमी से युवा खिलाड़ी के तौर हॉकी खेलने की शुरूआत की थी। वर्तमान में वह अब भारतीय पुरुष राष्ट्रीय हॉकी टीम का हिस्सा हैं। मनदीप सिंह ने विश्व कप 2014 और 2018, एशियाई खेल 2018, राष्ट्रमंडल खेल 2018, एशिया कप 2013, हॉकी वर्ल्ड लीग टियर 4 फाइनल 2014 और 2017, हॉकी वर्ल्ड लीग टियर तीन 2013 और 2017 चैंपियंस ट्रॉफी 2016 और 2018 में शानदार प्रदर्शन किया है। फिलहाल, मनदीप सिंह पंजाब पुलिस में बतौर डीएसपी रैंक पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
महिला हॉकी टीम की डिफेंडर हैं उदिता कौर
वहीं, बात करें मनदीप सिंह की होने वाली दुल्हनिया उदिता कौर दुहान की तो वो हरियाणा के हिसार गांव नंगल की रहने वाली हैं। उनका जन्म 14 जनवरी 1998 को हुआ है। वह भारतीय महिला हॉकी टीम की डिफेंडर है और कई इंटरनेशल मैचों में देश का नाम रोशन कर चुकी है। उन्होंने अपने खेल की शुरूआत हैंडबॉल से की थी। इसके बाद हॉकी में हाथ आजमाया। उदिता कौर ने साल 2018 एशियाई खेलों में रजत, 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य और 2023 एशियाई चैपियंस ट्राफी में गोल्ड जीता था।