Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Odisha सरकार ने 6,117 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी

March 17, 2025

Odisha सरकार ने 6,117 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी

भुवनेश्वर : ओडिशा सरकार ने सोमवार को 6,117 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इससे 17,000 से अधिक नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। मुख्य सचिव मनोज आहूजा की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय एकल खिड़की मंजूरी प्राधिकरण (SLSWCA) की बैठक में जैव ईंधन, जहाज निर्माण, खाद्य प्रसंस्करण, रसायन और परिधान सहित 10 क्षेत्रों में फैली 19 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।

बयान के अनुसार, ये परियोजनाएं बोलनगीर, कटक, गंजम, कालाहांडी और कंधमाल सहित 11 जिलों में क्रियान्वित की जाएंगी। बयान में कहा गया है कि प्रमुख प्रस्तावों में ट्रांसपैसिफिक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड का संबलपुर में 900 करोड़ रुपये का बायोकोल संयंत्र, हिंदुस्तान पेट्रोलियम का रायगढ़, बोलनगीर और कालाहांडी में डीजल और पेट्रोल पाइपलाइन स्थापित करने के लिए 868 करोड़ रुपये का निवेश और खुर्दा में जोहो कॉरपोरेशन का 306.50 करोड़ रुपये का डेटा सेंटर शामिल हैं।

वैक्सीन निर्माण इकाई स्थापित

सैपिजेन बायोलॉजिक्स खुर्दा में ओडिशा बायोटेक पार्क में 854.32 करोड़ रुपये की लागत से वैक्सीन निर्माण इकाई स्थापित करेगी। जगतसिंहपुर में विशेष रसायन निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए 500 करोड़ रुपये निवेश करने के एआरसीएल ऑर्गेनिक्स के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। नेजोन स्टील्स उत्कल जाजपुर में 470 करोड़ रुपये की लागत से कलर कोटिंग शीट निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जबकि सीएमआर एल्युमीनियम संबलपुर में लिक्विड एल्युमीनियम अलॉय संयंत्र के लिए 234.14 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

जगतसिंहपुर में जहाज निर्माण और मरम्मत यार्ड के लिए चौगुले लवगन शिप रिपेयर प्राइवेट लिमिटेड के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसे 550 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया जाएगा। एसएलएसडब्ल्यूसीए ने हिंदुस्तान कोका-कोला बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी। हिंदुस्तान बेवरेजेज खुर्दा में अपनी इकाई के विस्तार के लिए 515.32 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें