Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

निर्देशन नितेश तिवारी का खुलासा, बताया- ‘Dangal’ के Climax में क्यों नजर नहीं आए थे Aamir Khan

March 24, 2025

निर्देशन नितेश तिवारी का खुलासा, बताया- ‘Dangal’ के Climax में क्यों नजर नहीं आए थे Aamir Khan

आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ (Dangal) का क्लाइमेक्स रोमांच से भरा था। फिल्म के निर्देशन के साथ ही कहानी भी नितेश तिवारी ने ही लिखी है। उन्होंने एक पॉडकास्ट में बताया कि स्पोर्ट्स ड्रामा ‘दंगल’ की कहानी को पन्ने पर उतारते समय उनके सामने क्या चुनौती थी और उन्होंने इसका समाधान कैसे निकाला। कोमल नाहटा के पॉडकास्ट ‘गेम चेंजर्स’ के हालिया एपिसोड में तिवारी ने बताया कि ‘दंगल’ के क्लाइमेक्स को तैयार करने में सबसे बड़ी बाधा यह थी कि दर्शकों को पता था कि गीता फोगाट ही स्वर्ण पदक जीतेगी, इसके बावजूद कहानी को दिलचस्प बनाना मुश्किल था। सस्पेंस को बरकरार रखने के लिए उन्होंने आमिर खान के किरदार को फाइनल से बाहर रखने का फैसला लिया।

नितेश ने बताया, लेखक के तौर पर यह हमारे लिए चिंताजनक था कि सस्पेंस के साथ फिल्म के क्लाइमेक्स को कैसे तैयार करें। दर्शकों को पता था कि गीता स्वर्ण जीतने वाली है। अब हम दर्शकों के लिए इसे थोड़ा मुश्किल या अलग कैसे बना सकते हैं? इसलिए हमने महावीर सिंह फोगाट के किरदार को फाइनल से बाहर रखने का फैसला किया और इसके लिए पांच अलग-अलग वर्जन तैयार किए। हमारी कोशिश रंग लाई और दर्शकों का ध्यान ‘गीता जीतेगी या नहीं’ की जगह ‘गीता अपने पिता की गैरमौजूदगी में कैसे जीतेगी’ इस पर चला गया।

उन्होंने आगे बताया, “हमने तय किया कि महावीर सिंह वहां नहीं हो सकते, उन्हें वहां से बाहर निकालना पड़ेगा। हम इस पर सहमत हो गए। दर्शक यह नहीं सोचेंगे कि गीता स्वर्ण पदक जीतेगी, बल्कि वे यह सोचेंगे कि महावीर सिंह के ना होने पर वह स्वर्ण पदक कैसे जीतेगी और इसी विचार के साथ हमने आमिर खान के किरदार को फाइनल से बाहर रखा।“

बता दें, ‘दंगल’ के क्लाइमेक्स सीन में गीता के अहंकारी कोच, महावीर को दूर एक कमरे में बंद करवा देते हैं ताकि वह अपनी बेटी को गाइड ना कर सके। मैच में गीता पहला राउंड जीत जाती है लेकिन दूसरा राउंड हार जाती है। अपने पिता की अनुपस्थिति के बावजूद गीता जीत जाती है और स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन जाती है। महावीर अपनी बेटियों को गले लगाने के लिए ठीक समय पर वापस लौटते हैं और जीत का क्रेडिट लेने की कोच की उम्मीद भी टूट जाती है।

‘दंगल’ का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया और निर्माण आमिर खान और किरण राव ने आमिर खान प्रोडक्शंस, सिद्धार्थ रॉय कपूर ने वॉल्ट डिज्नी कंपनी इंडिया के तहत किया है।

स्पोर्ट्स ड्रामा ‘दंगल’ में आमिर खान ने महावीर सिंह फोगाट की भूमिका निभाई है। फातिमा सना शेख और सान्या मल्होत्रा ​​ने फोगाट बहनों का किरदार निभाया। वहीं, जायरा वसीम और सुहानी भटनागर फोगाट बहनों के बचपन की भूमिका में दिखीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें