
पटना: रमजान के पवित्र महीने के बाद आज पूरे देश में ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जा रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद पर राज्यवासियों को बधाई दी है। इस खास मौके पर वे पटना के गांधी मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने पारंपरिक टोपी पहनकर राज्यवासियों और मुस्लिम समुदाय को ईद की शुभकामनाएं दीं। इससे पहले सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘ईद के मौके पर राज्य और देशवासियों और खासकर मुस्लिम भाइयों-बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
ईश्वर इस पावन दिन पर हम सभी पर अपनी कृपा बरसाए और राज्य में सुख, शांति और समृद्धि लाए।’कल शाम अपने शुभकामना संदेश में सीएम नीतीश ने कहा कि रमजान के पवित्र महीने में रोजेदारों द्वारा की गई इबादत परिवार के साथ-साथ राज्य और देश में भी अमन-चैन और समृद्धि लेकर आएगी। उन्होंने कामना की कि समाज में हमेशा शांति और भाईचारा कायम रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘ईद का दिन इनाम का दिन है। ईश्वर इस पावन मौके पर अपने नेक बंदों को इनाम देता है। मेरी प्रार्थना है कि ईश्वर हम सभी पर अपनी कृपा बरसाए और हमारा जीवन सुख, शांति और समृद्धि से भर जाए।’ इसके साथ ही सीएम ने भारत की सांस्कृतिक एकता को रेखांकित करते हुए कहा, ‘भारत एक महान देश है, जहां विभिन्न धर्मों और संप्रदायों के बीच प्रेम, सद्भाव और सहिष्णुता अनुकरणीय है। यहां सभी एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते हैं और आपसी सम्मान के साथ खुशियां बांटते हैं। यही हमारी ताकत है, जो राज्य और देश को मजबूत बनाती है।’
वहीं, बिहार की राजधानी पटना के दानापुर स्थित सैनिक बारिक मैदान में सोमवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद-उल-फितर की नमाज अदा की। हजारों की संख्या में नमाजियों ने एकत्र होकर अल्लाह से अमन, भाईचारे और तरक्की की दुआ मांगी।
ईदगाह पर सुबह से ही चहल-पहल रही। नए कपड़े पहने लोग एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देते नजर आए। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने जरूरतमंदों को दान दिया और मीठे पकवानों के साथ ईद की खुशियां बांटी। इस मौके पर स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। समाज के प्रबुद्ध लोगों ने भी एकता और सद्भावना बनाए रखने का संदेश दिया।