Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

केजरीवाल की नशा तस्करों को सख्त चेतावनी, कहा- पंजाब के बच्चों की जिंदगी से खेलने वालों को बख्शेंगे नहीं!

April 3, 2025

केजरीवाल की नशा तस्करों को सख्त चेतावनी, कहा- पंजाब के बच्चों की जिंदगी से खेलने वालों को बख्शेंगे नहीं!

Kejriwal strict warning to drug smugglers: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को लुधियाना में ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हजारों युवाओं और छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया और युवाओं से पंजाब के भविष्य की जिम्मेदारी लेने का आग्रह किया। केजरीवाल ने कहा, आज यहां इतने सारे युवाओं को देखकर मेरा दिल खुशी से भर गया है। पंजाब का भविष्य अब आपके हाथों में ही है। आप में से ही पंजाब के भावी मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और सफल उद्यमी बनेंगे। आप ही अब नया पंजाब बनाएंगे। हालांकि, घरों में तेजी से फैल रही नशीली दवाओं की समस्या हमारे राज्य के भविष्य को खतरे में डाल रही है इसलिए हमें मिलकर इस समस्या को खत्म करना है।

केजरीवाल ने पिछली सरकारों की कड़ी आलोचना की और उन पर अपने फायदे के लिए नशीली दवाओं के कारोबार को पनपने देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, पिछली सरकारों ने केवल कुछ पैसे और राजनीतिक लाभ के लिए पंजाब के युवाओं की एक पूरी पीढ़ी को नष्ट कर दिया। उन्होंने ड्रग्स को हर गांव, गली और घर में घुसपैठ करने की इजाजत दी। पंजाब के खिलाफ उन्होंने जो पाप किए हैं, उनके लिए भगवान उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आप सरकार द्वारा किए गए कार्यो पर प्रकाश डालते हुए केजरीवाल ने कहा, नशे के खिलाफ राज्य की लड़ाई का नेतृत्व अब एक ईमानदार और देशभक्त प्रशासन कर रहा है। हमें खरीदा नहीं जा सकता और न ही हमें डराया जा सकता है। ड्रग्स बेचने से कमाए गए पैसे से बने ड्रग माफियाओं के आलीशान घरों को अब बुलडोजर द्वारा ध्वस्त किया जा रहा है। अब ड्रग व्यापार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने इस मुद्दे से निपटने में अच्छे प्रयासों के लिए पंजाब पुलिस की भी सराहना की और इस बात पर जोर दिया कि नशीली दवाओं के खतरे से लड़ने के लिए सरकार, कानून और नागरिकों के संयुक्त प्रयास की आवश्यकता है। केजरीवाल ने युवाओं से भावनात्मक अपील करते हुए उनसे नशे और बुरी संगत से दूर रहने की अपील की। उन्होंने विनती करते हुए कहा, आपके पिता की उम्र के होने के नाते, मैं हाथ जोड़कर आपसे विनती करता हूं कि इस जाल में न फंसें। नशीली दवाओं और बुरी संगत से दूर रहें, नहीं तो आप अपना भविष्य बर्बाद कर देंगे।

कार्यक्रम में केजरीवाल के साथ हजारों बच्चों और उपस्थित लोगों ने शपथ ली, ‘कभी भी नशीली दवाओं का सेवन नहीं करेंगे, दूसरों को नशीली दवाएं छोड़ने में मदद करेंगे, अपने इलाके में नशीली दवाओं से संबंधित किसी भी गतिविधि की रिपोर्ट करेंगे।’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें