Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुस्लिम संगठन ने लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पारित होने का किया स्वागत

April 3, 2025

मुस्लिम संगठन ने लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पारित होने का किया स्वागत

बरेली। ‘ऑल इंडिया मुस्लिम जमात’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पारित होने का बृहस्पतिवार को स्वागत करते हुए उम्मीद जतायी कि इससे देश में गरीब मुसलमानों की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह विधेयक राज्यसभा में भी पारित हो जाएगा। रजवी ने कहा कि इस विधेयक के पारित हो जाने पर उम्मीद जगी है कि देश में कुछ अच्छा काम होगा और गरीब मुसलमानों की आíथक स्थिति में ‘जबरदस्त इंकलाब’ आएगा। उन्होंने कहा कि वह उन सभी लोकसभा सदस्यों को धन्यवाद देते हैं जिन्होंने इस विधेयक के पक्ष में मतदान किया है।

बरेलवी मसलक के मौलाना रजवी ने कहा कि वह केन्द्र सरकार को भी मुबारकबाद देते हैं कि उसने यह विधेयक पारित करवाकर अच्छा कदम उठाया है और ‘‘बुराई के खात्मे’’ के लिए अच्छी पहल की है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘वक्फ बोर्ड पर काबिज लोग भू-माफिया से मिलकर करोड़ों की जमीनों को रेवड़ियों के भाव बेच देते थे। वक्फ की मंशा के मुताबिक काम नहीं होता था। वक्फ की मंशा यही थी कि उससे होने वाली आमदनी गरीब, कमजोर और यतीम मुसलमानों पर खर्च की जाए, लेकिन वह आमदनी कुछ लोगों की जेब में जाती थी।’’

लोकसभा ने बुधवार को विभिन्न विपक्षी दलों के सदस्यों के कड़े विरोध के बीच और साढ़े 10 घंटे से अधिक समय तक चर्चा करने के बाद देर रात करीब दो बजे वक्फ़ (संशोधन) विधेयक, 2025 और मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक, 2024 को पारित किया। विपक्षी सदस्यों के संशोधनों को खारिज करते हुए 232 के मुकाबले 288 मतों से वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 को पारित किया गया। सदन ने मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक, 2024 को भी ध्वनिमत से मंजूरी दे दी।

ये भी पढ़ें- अब बिहार से दिल्ली जाएंगे नीतीश कुमार, कल लेगें राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें