Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

दाह संस्कार के लिए जा रहे लोगों की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई, 4 की मौत, कई घायल

April 6, 2025

दाह संस्कार के लिए जा रहे लोगों की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई, 4 की मौत, कई घायल

बक्सर : बिहार के बक्सर जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र में रविवार को तड़के एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य दो से तीन लोग घायल होने की खबर है। घटना पटना-बक्सर एनएच 922 पर टोल प्लाजा के समीप की है। कार पर सवार सभी लोग एक दाह संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, रोहतास जिले के विक्रमगंज थाना अंतर्गत शिवपुर हॉल्ट के कुछ लोग एक कार पर सवार होकर एक महिला का दाह संस्कार करने बक्सर मुक्तिधाम जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर ट्रक में पीछे से घुस गई। बताया गया कि तेज रफ्तार कार दलसागर टोल प्लाजा से थोड़ा आगे पड़री मोड़ के पास जैसे ही पहुंची, तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में जा टकराई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसकी वजह से बैठे तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया है।

घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया

बताया जा रहा है कि इलाज के क्रम में भी एक बच्चे की मौत हो गई है। यह भीषण हादसा शनिवार देर रात ढाई-तीन बजे के करीब हुआ बताया जा रहा है। हादसे में सभी मृतक रोहतास के विक्रमगंज थाना अंतर्गत शिवपुर हॉल्ट के निवासी थे। मृतकों की पहचान प्रमोद कुमार सिंह (45), पप्पू सिंह (30) और रितेश सिंह (16) के रूप में हुई है।

एक मृत बच्चे का नाम अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को निकाला गया और घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार करते हुए चिकित्सक ने सभी को तत्काल वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें