Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘ट्रंप ने भ्रम का पर्दाफाश कर दिया’, शेयर बाजार में आई उथल-पुथल के बीच बोले राहुल गांधी

April 7, 2025

‘ट्रंप ने भ्रम का पर्दाफाश कर दिया’, शेयर बाजार में आई उथल-पुथल के बीच बोले राहुल गांधी

नेशनल डेस्क: शेयर बाजारों में आई उथल-पुथल और अमेरिका द्वारा लगाए गए पारस्परिक शुल्कों के कारण दुनिया भर के देशों को समायोजन करना पड़ रहा है। इस स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने “भ्रम का पर्दाफाश कर दिया है” और भारत को अब एक लचीली, उत्पादन आधारित अर्थव्यवस्था बनाने की आवश्यकता है।

‘प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर कहीं नजर नहीं आ रहे’
राहुल गांधी ने कहा, “ट्रंप ने भ्रम को तोड़कर असलियत सामने ला दी है। अब यह स्पष्ट हो गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।” उन्होंने कहा, “भारत को अब इस वास्तविकता को स्वीकार करना होगा कि हमारे पास कोई और विकल्प नहीं है, सिवाय इसके कि हम एक लचीली, उत्पादन आधारित अर्थव्यवस्था बनाए, जो सभी भारतीयों के लिए काम करे।”

संविधान सुरक्षा सम्मेलन में क्या बोले राहुल गांधी
राहुल गांधी ने पटना में एक संविधान सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के कारण शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है। उन्होंने कहा, “ट्रंप के कारण शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है। देश में एक प्रतिशत से भी कम लोग शेयर बाजार में पैसा निवेश करते हैं, इसका मतलब है कि शेयर बाजार आम जनता के लिए नहीं है। इसमें बहुत पैसा कमाया जाता है, लेकिन उसका फायदा आम लोग नहीं उठा पाते।”

 

कांग्रेस ने यह भी कहा कि नए सप्ताह की शुरुआत में वैश्विक शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखी गई, और इसका कारण ट्रंप द्वारा लगाए गए पारस्परिक शुल्क हैं। इन शुल्कों ने वैश्विक स्तर पर इक्विटी की बिकवाली को बढ़ावा दिया है, और भारत भी इससे प्रभावित हुआ है। राहुल गांधी ने इस बारे में भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने दूसरे कार्यकाल में टैरिफ पारस्परिकता पर अपना रुख फिर से दोहराया है, और उन्होंने जोर देकर कहा है कि अमेरिका “निष्पक्ष व्यापार” सुनिश्चित करने के लिए भारत और अन्य देशों द्वारा लगाए गए शुल्कों का मिलान करेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें