नेशनल डेस्कः दिल्ली पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल पर दहेज की मांग करने और शादी से इनकार करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कांस्टेबल के कथित कदाचार को गंभीरता से लिया गया है। मामले की जांच और विभागीय कार्रवाई पूरी होने तक उन्हें निलंबित रखने का फैसला किया गया है।
दुल्हन पक्ष ने लगाए दहेज मांगने के आरोप
मामला हरियाणा के सोनीपत का है, जहां 20 नवंबर 2026 को शादी समारोह के दौरान विवाद सामने आया। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने दहेज में मारुति ब्रेजा कार की मांग की थी। हालांकि, ब्रेजा कार की बुकिंग नहीं हो पाने के कारण दुल्हन पक्ष ने ऑरा कार की व्यवस्था की थी। आरोप है कि इसके बावजूद दूल्हे पक्ष ने मंडप तक बारात लाने के बाद शादी करने से इनकार कर दिया। इस घटना के बाद मामला चर्चा में आ गया।
दिल्ली पुलिस ने शुरू की विभागीय कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने संबंधित कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि निर्धारित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और विभागीय कार्रवाई पूरी होने तक आरोपी कांस्टेबल निलंबित रहेंगे।