इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव और गहरा गया है। अमेरिका ने चीन पर 104% टैरिफ लगाने की पुष्टि की है, जो 9 अप्रैल से लागू होगा। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बाद उठाया गया है।
ट्रंप की चेतावनी के बाद बढ़ा टैरिफ
फॉक्स बिजनेस की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव ने कहा कि चीन ने अमेरिका की चेतावनी का पालन नहीं किया और अपनी जवाबी कार्रवाई को वापस नहीं लिया, इसलिए अब 104% अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा। यह टैरिफ 9 अप्रैल से लागू होगा।
ट्रंप की चेतावनी और चीन की प्रतिक्रिया
बता दें कि 2 अप्रैल को ट्रंप ने घोषणा की थी कि वह चीन और 180 अन्य देशों पर रियायती रेसिप्रोकल टैरिफ लगाएंगे। इसके बाद चीन ने भी अमेरिका पर टैरिफ लगा दिया। ट्रंप ने चीन को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी थी कि अगर चीन 8 अप्रैल तक अमेरिकी टैरिफ को नहीं हटाता, तो उस पर 50% अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा। साथ ही, चीन की ओर से प्रस्तावित कोई भी बैठक भी रद्द कर दी जाएगी। चीन ने ट्रंप की चेतावनी का जवाब देते हुए कहा था कि वह अमेरिका के दबाव में नहीं झुकेगा और पूरी तरह से व्यापार युद्ध के लिए तैयार है। चीन ने सोमवार को अमेरिका पर आर्थिक प्रभुत्व हासिल करने का आरोप भी लगाया था।
टैरिफ दरों में बढ़ोतरी
अमेरिका ने 2 अप्रैल को चीन पर 34% टैरिफ लगा दिया था, जिससे अब अमेरिका में चीनी उत्पादों पर कुल 54% टैरिफ हो गया था। अब 50% अतिरिक्त टैरिफ के बाद, अमेरिका द्वारा चीन पर कुल 104% टैरिफ लगाया जाएगा।
चीन ने अमेरिकी आयातों पर 34% टैरिफ लगाया
चीन ने भी इस कदम का जवाब देते हुए शुक्रवार को सभी अमेरिकी आयातों पर 34% टैरिफ लगा दिया। इसके अलावा, चीन ने दुर्लभ खनिजों के निर्यात पर नियंत्रण लगाने और कुछ अमेरिकी कंपनियों के व्यापार पर प्रतिबंध लगाने का भी ऐलान किया था। यह टैरिफ युद्ध अब एक नए चरण में प्रवेश कर चुका है, और 9 अप्रैल से अमेरिका द्वारा चीन पर लगाए गए इन नए टैरिफ दरों का असर वैश्विक व्यापार पर पड़ सकता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...