Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को 15 अप्रैल तक मिलेंगी पाठ्य पुस्तकें- CM Saini

April 9, 2025

सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को 15 अप्रैल तक मिलेंगी पाठ्य पुस्तकें- CM Saini

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को 15 अप्रैल तक उनकी पाठ्य पुस्तकें मिल जाएंगी। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों के छात्र किसी भी किताब की दुकान से अपनी पुस्तकें खरीदने के लिए स्वतंत्र हैं तथा उन्हें किसी एक निर्धारित दुकान से पुस्तकें खरीदने की बाध्यता नहीं है।

नायब सिंह सैनी ने बुधवार को स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट भाषण में शिक्षा क्षेत्र से संबंधित जिन विषयों का उल्लेख किया गया है, उन्हें चिन्हित कर उन पर त्वरित कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बोर्ड कक्षाओं के पिछले 10 वर्षों के प्रश्न-पत्रों तथा मॉक टेस्टों को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करें ताकि विद्यार्थी इनका अध्ययन कर लाभ उठा सकें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों में आवश्यक बदलाव करने के लिए एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्कूलों में खेलकूद व स्वच्छता पर विशेष कक्षाएं शुरू की जानी चाहिए तथा स्कूल स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां चलाई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों में स्वच्छता, हरियाली, चित्रकला और प्रेरक नारों पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि विद्यार्थी स्कूल आने के लिए प्रेरित हों।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत किसी भी स्कूल में कोई सीट खाली न रहे तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में सभी सीटें भरी जाएं।

उन्होंने आगे कहा कि ग्रुप ए और बी के अधिकारियों के लिए हर महीने एक दिन सरकारी स्कूल में समय बिताना अनिवार्य है और इसके कार्यान्वयन के लिए एक उचित योजना तैयार करने का निर्देश दिया।

ये भी पढ़ें: पश्चिम एशिया संकट में DG Shipping का बड़ा फैसला, निर्यातकों को राहत और नाविकों को सुरक्षा सलाह

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें