Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘हम चाइनीज हैं, उकसावे से नहीं डरते’, अमेरिका से टकराव के बीच चीनी विदेश मंत्रालय ने जारी किया वीडियो

April 10, 2025

‘हम चाइनीज हैं, उकसावे से नहीं डरते’, अमेरिका से टकराव के बीच चीनी विदेश मंत्रालय ने जारी किया वीडियो

इंटरनेशनल डेस्क: चीन और अमेरिका के बीच टैरिफ (शुल्क) युद्ध लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच चीन ने साफ संकेत दिए हैं कि वह किसी भी दबाव में झुकने वाला नहीं है। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने बुधवार को एक पुराना वीडियो शेयर किया, जिसमें चीन के पूर्व नेता माओ ज़ेडॉन्ग अमेरिका के खिलाफ सख्त रुख दिखा रहे हैं। माओ निंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो के साथ लिखा, “हम चीनी हैं। हम उकसावे से नहीं डरते। हम पीछे नहीं हटते।”

वीडियो में क्या कहा गया?
वीडियो 1953 के कोरियाई युद्ध के समय का है, जब अमेरिका और चीन आमने-सामने थे। इसमें माओ ज़ेडॉन्ग कहते हैं, “यह युद्ध कितना चलेगा, यह हम तय नहीं करते। यह अमेरिका के राष्ट्रपति पर निर्भर करता है। चाहे वो ट्रूमैन हों, आइजनहावर या कोई और। भले ही यह युद्ध जितना भी लंबा चले, हम कभी झुकेंगे नहीं। हम तब तक लड़ेंगे जब तक पूरी जीत नहीं मिलती।”

अमेरिका-चीन के बीच क्या चल रहा है?
अभी के हालात में अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ को लेकर भारी तनातनी चल रही है।
– अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में चीन से आयात होने वाली वस्तुओं पर टैरिफ बढ़ाकर 125% करने की घोषणा की।
– इसके जवाब में चीन ने 10 अप्रैल से अमेरिकी सामानों पर टैरिफ को 34% से बढ़ाकर 84% कर दिया है।
– इससे पहले ट्रंप ने रविवार को 50% अतिरिक्त टैरिफ बढ़ाने की धमकी दी थी।

चीन का जवाब
चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि अमेरिका की तरफ से लगाए गए टैरिफ “निराधार” और एकतरफा धमकी देने वाले हैं। चीन ने कहा है कि वो अपने हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगा।

टैरिफ युद्ध क्या है?
टैरिफ यानी आयात-निर्यात पर लगाया जाने वाला टैक्स। जब एक देश दूसरे देश की चीजों पर भारी टैक्स लगाता है, तो बदले में दूसरा देश भी वैसा ही करता है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार महंगा हो जाता है और व्यापारिक तनाव बढ़ता है। इस समय अमेरिका और चीन के बीच यही हो रहा है। दोनों एक-दूसरे पर भारी शुल्क लगा रहे हैं, जिससे वैश्विक व्यापार पर असर पड़ सकता है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें