Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2025 PBKS vs KKR: हारा हुआ मैच जीता पंजाब, केकेआर को 16 रनों से दी मात, चहल ने झटके 4 विकेट

April 15, 2025

IPL 2025 PBKS vs KKR: हारा हुआ मैच जीता पंजाब, केकेआर को 16 रनों से दी मात, चहल ने झटके 4 विकेट

IPL 2025 PBKS vs KKR: पंजाब किंग्स के गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने केकेआर के सामने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। चहल ने 28 रन देकर चार विकेट लिए। वहीं, तेज गेंदबाज मार्को जानसेन ने तीन विकेट चटकाए। दोनों गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर मंगलवार को पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स को 16 रनों से मात दी।

पंजाब के गेंदबाजों ने साहस के साथ गेंदबाजी करते हुए रोमांचक मैच जीता और आईपीएल इतिहास में सबसे कम स्कोर का बचाव किया।

इससे पहले केकेआर के लिए गेंदबाज हर्षित राणा ने तीन विकेट लिए, जबकि वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन की स्पिन जोड़ी ने दो-दो विकेट हासिल कर पंजाब किंग्स को 15.3 ओवर में 111 रनों पर रोक दिया।

112 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज सुनील नरेन (5) और क्विंटन डी कॉक (2) के विकेट जल्दी-जल्दी खो दिए। मार्को जानसेन और जेवियर बार्टलेट ने पंजाब को शुरुआती सफलताएं दिलाईं।

कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने संभल कर खेलना जारी रखा और पावरप्ले के अंत में टीम का स्कोर 55 रनों तक पहुंचाया। दोनों ने 60 रन की साझेदारी की और केकेआर मैच जीतने के लिए आश्वस्त दिख रही थी।

लेकिन, युजवेंद्र चहल ने आठवें ओवर में रहाणे (17) का विकेट लेकर पंजाब को मैच में वापस ला दिया। चहल ने अपने अगले ओवर में रघुवंशी को पवेलियन भेजा।

इसके बाद तो विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। वेंकटेश अय्यर (7), रिंकू सिंह (2) और रमनदीप सिंह (0) पर आउट होकर पवेलियन लौटे। हर्षित राणा और वैभव अरोड़ा भी दबाव का सामना करने में विफल रहे और सस्ते में अपने विकेट गंवा बैठे।

आंद्रे रसेल जो आमतौर पर टीम के लिए निर्णायक पारी खेलते रहे हैं, वो भी इस मैच में टीम को हार से बचा नहीं पाए। मार्को जानसेन ने रसेल का विकेट लिया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी रही और सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य ने पावरप्ले में टीम को अच्छी शुरुआत दी।

पंजाब को पहला झटका 39 रन के स्कोर पर लगा। खतरनाक दिख रहे प्रियांश आर्य 12 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तो पंजाब किंग्स का मजबूत बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्ते की तरह ढह गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें