Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL, SRH vs MI: खराब फॉर्म से जूझ रही सनराइजर्स का सामना जीत की राह पर लौटी मुंबई से

April 23, 2025

IPL, SRH vs MI: खराब फॉर्म से जूझ रही सनराइजर्स का सामना जीत की राह पर लौटी मुंबई से

हैदराबाद: खराब फॉर्म से जूझ रही सनराइजर्स हैदराबाद अपने घरेलू मैदान पर बुधवार को आईपीएल के मैच में मुंबई इंडियंस से खेलेगी तो लक्ष्य जीत की राह पर लौटने का होगा, जबकि खोई लय हासिल करने की राह पर अग्रसर मुंबई जीत का सिलसिला कायम रखना चाहेगी। 7 मैचों में 2 जीत के बाद सनराइजर्स की स्थिति अच्छी नहीं है। उसके स्टार बल्लेबाजों ने उसे निराश किया जबकि गेंदबाज भी प्रभावित नहीं कर सके हैं। सनराइजर्स को धीमी  पिचों पर दिक्कतें आई हैं। पैट कमिंस की कप्तानी वाली टीम दो घरेलू मैच भी हार चुकी है। सनराइजर्स के बल्लेबाजों ने सपाट विकेटों पर अच्छा प्रदर्शन किया है।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ अनुकूल पिच पर खेलने से उनके सामने खोई लय हासिल करने का सुनहरा मौका है। सनराइजर्स की बल्लेबाजी का दारोमदार उसकी सलामी जोड़ी अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हैड पर होगा। पावरप्ले में उनका कामयाब रहना टीम के लिए बहुत जरूरी है। अभिषेक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ यहां पिछले मैच में 55 गेंद में 141 रन बनाए थे जो इस आईपीएल में किसी बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर है। हैड के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव चिंता का सबब है।
सनराइजर्स को अपने इस आस्ट्रेलियाई स्टार से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी क्योंकि इस मैच में हार से टीम की स्थिति खराब हो जाएगी। मुंबई इंडियंस के खिलाफ सनराइजर्स ने 24 में से 10 मैच जीते और 14 गंवाए हैं।

मुंबई इंडियंस के लिए अपने मैदान से बाहर खुद को आजमाने का और लय बनाए रखने का यह सुनहरा मौका है। उसे रविवार को फिर अपने मैदान पर लखनऊ सुपर जायंट्स से खेलना है। मुंबई लगातार 3 जीत के साथ आईपीएल में निराशाजनक शुरुआत से उबर रही है। पांच बार की चैम्पियन टीम ने बल्लेबाजों की मददगार विकेट पर चेन्नई सुपर किंग्स को 9 विकेट से हराया। रोहित शर्मा नाबाद 76 रन बनाकर फॉर्म में लौटे जबकि सूर्यकुमार यादव ने 68 रन की नाबाद पारी खेली। तिलक वर्मा को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला लेकिन वह बेहतरीन फॉर्म में हैं जबकि नमन धीर ने भी दर्शनीय पारियां खेली हैं। जसप्रीत बुमराह अपने चिर परिचित रंग में नहीं दिखे हैं। वह उतने विकेट नहीं ले पाए लेकिन लाइन और लैंग्थ हासिल कर ली है जो सनराइजर्स के बल्लेबाजों के लिए चेतावनी हो सकती है।

ये भी पढ़ें: Dhurandhar 2 BO Day 17: IPL के बीच भी दुनियाभर में छाई ‘धुरंधर 2’, 17 दिनों में तोड़ा रिकॉर्ड  

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें