
Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले को भाजपा ने मानवता पर कलंक और कश्मीर की तरक्की पर हमला करार दिया। पंजाब भाजपा प्रभारी व पूर्व मुख्यमंत्री गुजरात विजय रूपाणी ने स्पष्ट शब्दों में चेताया कि दोषियों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि आने वाली पीढ़ियां भी भारत की ओर आंख उठाकर देखने से पहले सौ बार सोचेंगी। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व पंजाब भाजपा के सह-प्रभारी विधायक नरेंद्र सिंह रैना, पंजाब भाजपा के महामंत्री अनिल सरीन, जगमोहन राजू व दयाल सिंह सोढ़ी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, पंजाब भाजपा मीडिया प्रमुख विनीत जोशी, मोहाली जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ समेत कई बड़े नेता भी मौजूद रहे।
रूपाणी ने कहा कि पिछले कई वर्षो से मोदी सरकार ने कश्मीर में विकास और स्थायित्व की दिशा में निर्णायक कदम उठाए। पुलवामा हमले के बाद हुई एयर स्ट्राइक ने आतंक की कमर तोड़ दी थी। इसके बाद घाटी में स्थिरता आई, पर्यटकों की संख्या रिकार्ड स्तर पर पहुंची, स्थानीय लोगों को रोजगार मिला और जनजीवन सामान्य हो गया। यह आतंकी हमला न केवल निदरेष लोगों की हत्या है, बल्कि कश्मीर की शांति, व्यापार और पर्यटन पर सीधा हमला है।
इससे घाटी में जनजीवन एक बार फिर अस्त-व्यस्त होने का खतरा है। भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ईंट का जवाब पत्थर से देने में सक्षम हैं। उन्होंने पंजाब सरकार से आग्रह किया कि पाकिस्तान से लगती लंबी सीमा के चलते राज्य को हाई अलर्ट पर रखा जाए। इस घटना के विरोध में चंडीगढ़ के सैक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय से रोष मार्च शुरू कर सैक्टर 25 के चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पाकिस्तान का पुतला जला कर प्रदर्शन किया। भाजपा ने हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संकल्प लिया कि देशविरोधी ताकतों को भारत की जमीन पर बख्शा नहीं जाएगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...