Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

नेपाली युवक का शव सोनौली बॉर्डर पर परिजनों को सौंपा गया, परिजनों ने की केंद्र से आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

April 24, 2025

नेपाली युवक का शव सोनौली बॉर्डर पर परिजनों को सौंपा गया, परिजनों ने की केंद्र से आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

Pahalgam Terror Attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में भारत के पड़ोसी देश नेपाल के लुम्बिनी प्रदेश के निवासी सुदीप नेउपाने की भी मौत हो गई। उनका पार्थिव शरीर आज सुबह महराजगंज जिले के भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा सोनौली पहुंचा, जहां नेपाल प्रशासन और भारतीय प्रशासन की मौजूदगी में मृतक नेपाली युवक का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

इस दौरान महराजगंज जिला प्रशासन की ओर से नौतनवा के उपजिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस क्षेत्रधिकारी जयप्रकाश त्रिपाठी व नेपाल प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में भारतीय एंबुलेंस से नेपाली युवक का शव नेपाल प्रशासन को सौंप दिया गया। सोनौली बॉर्डर पर पहुंचे मृतक युवक के परिजन गमगीन थे और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। सुदीप नेउपाने के परिजनों ने भारत सरकार से आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, आज नेपाली युवक का अंतिम संस्कार नेपाल के बुटवल में किया जाएगा। नेपाल के लोग इस आतंकी घटना से काफी नाराज हैं और उन्होंने भारतीय प्रशासन से आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने भारत में कश्मीर आने वाले सभी नेपालियों की सुरक्षा की भी मांग की है।

बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे। घायलों में स्थानीय निवासी भी शामिल हैं। इस हमले के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना विदेशी दौरा बीच में ही छोड़कर भारत लौट आए।

बुधवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की अहम बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि भारत ने सिंधु जल समझौते को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया है। यह कदम भारत-पाकिस्तान संबंधों में बढ़ते तनाव के मद्देनजर उठाया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें