
चेन्नई। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) शुक्रवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) से भिड़ेगी, जिसमें दोनों टीमों को जीतना जरूरी है। आठ मैचों में से सिर्फ चार-चार अंक लेकर दोनों टीमें अंक तालिका में सबसे नीचे हैं, ऐसे में यह मुकाबला उनके प्लेऑफ की उम्मीदों के लिए काफी अहम है। एसआरएच की टीम ने आज तक सीएसके के घरेलू मैदान चेपॉक पर कोई मैच नहीं जीता है। सिर्फ यही नहीं, सीएसके के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी काफी खराब रहा है। आईपीएल में दोनों टीमों के बीच कुल 21 मुकाबले खेले गए हैं, जहां 15 जीत सीएसके की झोली में गिरी है और सिर्फ छह परिणाम एसआरएच की तरफ गए हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स, जो अपने घरेलू मैदानों पर दबदबे के लिए जानी जाती है, को इस सीजन में चेपक की परिस्थितियों के हिसाब से ढलने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। अपने अनुभव और मजबूत कोर के बावजूद, सीएसके ने पिच की परिस्थितियों को समझने में काफी संघर्ष किया है, जिसके कारण उन्हें अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा है।
एक समय उनकी मजबूती मानी जाने वाली उनकी बल्लेबाजी लाइन-अप में निरंतरता की कमी रही है और उनकी गेंदबाजी इकाई में महत्वपूर्ण मौकों पर जरूरी प्रभाव की कमी रही है। कप्तान एम.एस. धोनी और उनकी टीम को अपनी फीकी पड़ रही प्लेऑफ की उम्मीदों को फिर से जगाने के लिए जल्दी से जल्दी खुद को ढालना होगा और चीजों को बदलना होगा।
हालांकि, यह सीजन ऐसा रहा है, जहां रॉयल चैलेंजर्स (आरसीबी) की टीम ने 17 सालों के बाद सीएसके को उनके घर पर हराया, वहीं दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की टीम ने 15 सालों के बाद सीएसके को उनके घर पर मात दी। क्या एसआरएच की टीम भी ऐसा कारनामा कर पाएगी ? आइए इस मैच से जुड़े कुछ ऐसे आंकड़े देखते हैं, जो इस मैच में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
पावरप्ले में 65 या उससे ज्यादा रन बने तो एसआरएच का पलड़ा भारी रहेगा। एसआरएच की कामयाबी का राज उनके पॉवरप्ले में धमाकेदार प्रदर्शन में छुपा है। आईपीएल 2024 से अब तक का आंकड़ा साफ बताता है कि जब भी टीम ने बल्लेबाजी पॉवरप्ले में 65 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं, उन्होंने हर बार जीत दर्ज की है। ऐसे सभी 9 मुकाबलों में उनकी जीत हुई है। लेकिन जैसे ही टीम इस आंकड़े तक नहीं पहुंच पाई, उनका खेल ढहता नजर आया। 65 रन से कम बनाने पर उन्हें 15 में से 13 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...